शिक्षामित्र सम्मान समारोह आयोजित, मानदेय वृद्धि पर जताया आभार
कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को शिक्षामित्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साधना सिंह, रमेश जायसवाल, सुशील सिंह, कैलाश आचार्य तथा चंद्र मोहन गर्ग की गरिमामयी उपस्थिति रही।
चंदौली

9:39 PM, May 5, 2026
चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को शिक्षामित्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साधना सिंह, रमेश जायसवाल, सुशील सिंह, कैलाश आचार्य तथा चंद्र मोहन गर्ग की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय में की गई वृद्धि के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी कदम बताया गया।
इस अवसर पर सांसद साधना सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षामित्रों के हितों के प्रति संवेदनशील है और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मानदेय वृद्धि से शिक्षामित्रों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक समर्पण के साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करेंगे।
विधायक सुशील सिंह ने शिक्षामित्रों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में उनका योगदान अहम है। उन्होंने सभी शिक्षामित्रों से बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की अपील की।
Advertisement
समारोह के दौरान शिक्षामित्रों को प्रतीकात्मक रूप से पांच-पांच लोगों को डमी चेक वितरित किए गए। जानकारी दी गई कि जनपद के 1424 शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय का लाभ मिलेगा। इस निर्णय के लिए शिक्षामित्रों ने प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा और सुना गया।
इस मौके पर बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारी, संबंधित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।
