पुलिस की घेराबंदी देख गंगा पुल से कूदे दो गोवंश तस्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर, तीसरा गिरफ्तार
बलुआ थाना क्षेत्र में शनिवार भोर पुलिस की सतर्कता से गोवंश तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम हो गई। तीरगांवा-सैदपुर मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की घेराबंदी देखकर पिकअप सवार दो तस्करों ने सैदपुर गंगा पुल से छलांग लगा दी। हादसे में एक तस्कर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। वहीं तीसरे आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पिकअप वाहन से 11 गोवंश भी सुरक्षित
चहनिया, चंदौली

12:03 PM, Jul 25, 2026
सुधींद्र पाण्डेय
जनपद न्यूज़ टाइम्सचहनिया (चंदौली)। बलुआ थाना क्षेत्र में शनिवार भोर पुलिस की सतर्कता से गोवंश तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम हो गई। तीरगांवा-सैदपुर मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की घेराबंदी देखकर पिकअप सवार दो तस्करों ने सैदपुर गंगा पुल से छलांग लगा दी। हादसे में एक तस्कर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। वहीं तीसरे आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पिकअप वाहन से 11 गोवंश भी सुरक्षित बरामद किए हैं।
बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह के निर्देशन में मारुफपुर चौकी प्रभारी अमित सिंह पुलिस टीम के साथ तीरगांवा-सैदपुर मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान गोवंश से लदी एक संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस की घेराबंदी होते ही वाहन में सवार तस्करों ने भागने की कोशिश की।
भागने के प्रयास में 24 वर्षीय काजू कुमार और 26 वर्षीय शिवांशु कुमार ने सैदपुर गंगा पुल से नीचे छलांग लगा दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल दोनों को चहनियां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान काजू कुमार की मौत हो गई, जबकि शिवांशु कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है।
Advertisement
वहीं तीसरे आरोपी 23 वर्षीय शक्ति कुमार को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी आजमगढ़ जनपद के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर उसमें लदे 11 गोवंश को सुरक्षित बरामद कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ गोवंश तस्करी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से गोवंश तस्करी की बड़ी घटना को रोका गया है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है तथा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
