सैयदराजा पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने 50 हजार के इनामी को किया गिरफ्तार
चंदौली। सैयदराजा थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने लूट के मुकदमे में वांछित चल रहे ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर चंदौली कचहरी के पास से हिरासत में लिया। उसके खिलाफ सैयदराजा थाने में लूट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
चंदौली

6:06 PM, Sep 18, 2026
चंदौली। सैयदराजा थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने लूट के मुकदमे में वांछित चल रहे ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर चंदौली कचहरी के पास से हिरासत में लिया। उसके खिलाफ सैयदराजा थाने में लूट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर 2024 को डेहरी, रोहतास (बिहार) निवासी इम्तेयाज खान ने सैयदराजा थाने में तहरीर दी थी। बताया गया कि ट्रक संख्या BR01GF8742 पर करीब 25 टन कोयला लादकर चालक और खलासी डेहरी से सीतापुर के लिए निकले थे। 28 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली कि कोयले से भरा ट्रक सैयदराजा थाना क्षेत्र के बगही कुम्भापुर के पास से लूट लिया गया है।
ट्रक की काफी तलाश के बाद भी पता नहीं चलने पर वादी ने चालक और खलासी पर ही ट्रक लूटने का संदेह जताया। तहरीर के आधार पर सैयदराजा थाने में मु0अ0सं0 216/2024 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
Advertisement
पुलिस टीम ने स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर मुकदमे में वांछित और ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त सलमान (22) पुत्र अब्दुल मजीद, निवासी ग्राम मरखामऊ, थाना मऊआइमा, जिला प्रयागराज को चंदौली कचहरी के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ प्रयागराज, जौनपुर और चंदौली में लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, चोरी का माल बरामदगी समेत विभिन्न धाराओं में कुल नौ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, कांस्टेबल विजय त्रिपाठी और थाना चंदौली के कांस्टेबल रनवीर सिंह शामिल रहे। वहीं स्वाट टीम के प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव और सर्विलांस सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा ने टीम के साथ सहयोग किया।
