स्वतंत्रता दिवस पर शहीदों को नमन, सेनानियों का होगा सम्मान
चंदौली। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और गरिमापूर्ण ढंग से मनाने की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। अधिकारियों को कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
चंदौली

5:06 PM, Aug 10, 2026
कलेक्ट्रेट में बैठक कर अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां, 15 अगस्त को होंगे विभिन्न कार्यक्रम
चंदौली। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और गरिमापूर्ण ढंग से मनाने की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। अधिकारियों को कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत सुबह सात बजे स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी से होगी। इसके बाद सुबह 7:30 बजे क्रॉस कंट्री दौड़ आयोजित की जाएगी। सुबह आठ बजे कलेक्ट्रेट सहित सभी सरकारी और गैर सरकारी भवनों तथा शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान होगा।
सुबह 8:15 बजे नगर पंचायत चंदौली परिसर स्थित शहीद स्मारक पर जिलाधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिकारियों की ओर से माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद सुबह नौ बजे नगर पंचायत सैयदराजा और सकलडीहा के बरठी स्थित शहीद स्मारकों पर माल्यार्पण किया जाएगा। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
Advertisement
सुबह 9:30 बजे धानापुर स्थित शहीद स्मारक पर ध्वजारोहण और सलामी दी जाएगी। इसी समय जिला चिकित्सालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। शाम सात बजे नगर पालिका परिषद मुगलसराय में कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में अधिकारियों ने निर्देश दिया कि भूतपूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के घर सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारी पहुंचकर उनका सम्मान करें और कुशलक्षेम जानें। साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों में साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य विकास अधिकारी और अपर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा और भव्यता के साथ आयोजित कराने के निर्देश दिए।