सकलडीहा–कमालपुर–अमड़ा मार्ग अतिक्रमण की चपेट में, अधिकारी बने मौन दर्शक
सकलडीहा–कमालपुर–अमड़ा मुख्य मार्ग इन दिनों सड़क कम और अतिक्रमण का गढ़ अधिक नजर आ रहा है। कमालपुर से खझरा अगहरवीर बहुरीया नदी तक का पूरा मार्ग अवैध कब्जों की चपेट में है, लेकिन संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
चंदौली

2:17 PM, Dec 31, 2025
दिवाकर पाण्डेय "राहुल"
जनपद न्यूज़ टाइम्स
सकलडीहा (चंदौली)। सकलडीहा–कमालपुर–अमड़ा मुख्य मार्ग इन दिनों सड़क कम और अतिक्रमण का गढ़ अधिक नजर आ रहा है। कमालपुर से खझरा अगहरवीर बहुरीया नदी तक का पूरा मार्ग अवैध कब्जों की चपेट में है, लेकिन संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
नाली सफाई के नाम पर सड़क किनारे मिट्टी के ढेर लगा दिए गए हैं, जिससे मार्ग और संकरा हो गया है। वहीं निजी बिल्डिंग मैटेरियल दुकानदारों ने सड़क को ही अपना गोदाम बना लिया है। गिट्टी, बालू और भस्सी खुलेआम सड़क पर फैलाकर रखी गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।
Advertisement
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मुख्य मार्ग अब “सड़क कम, बाधा ज्यादा” बन चुका है। रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है और किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जागेगा? या फिर अतिक्रमणकारियों के आगे सिस्टम ने पहले ही घुटने टेक दिए हैं?
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वह अपने तथाकथित मौन व्रत को तोड़ते हुए तत्काल अतिक्रमण हटवाए और सड़क को सुरक्षित व सुचारु बनाए, अन्यथा यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
