25 हजार के इनामी लुटेरा गिरफ्तार, लूट की रकम के 2300 रुपये बरामद
मुगलसराय पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने लूट के एक मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से बचे 2300 रुपये बरामद हुए, जबकि बिना वैध कागजात की मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया।
चंदौली

4:19 PM, Aug 2, 2026
चंदौली। मुगलसराय पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने लूट के एक मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से बचे 2300 रुपये बरामद हुए, जबकि बिना वैध कागजात की मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 21 मई 2026 को वाराणसी की शक्ति इंटरप्राइजेज का सेल्समैन विभिन्न दुकानों से नगदी वसूली कर लौट रहा था। ग्राम चौरहट के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और नगदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। मामले में मुगलसराय थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान आकाश यादव का नाम सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस मामले के अन्य पांच आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
Advertisement
रविवार को वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुगलसराय रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर आरोपी आकाश यादव (22 वर्ष), निवासी सराय नंदन खोजवा, थाना भेलूपुर, वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से 2300 रुपये नगद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि लूट की घटना में उसे 17 हजार रुपये हिस्सा मिला था, जिसमें से अधिकांश रकम खर्च हो चुकी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। उसकी मोटरसाइकिल के वैध अभिलेख न मिलने पर वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
