पंचायती राज विभाग की योजनाओं की हुई समीक्षा बैठक, लापरवाही पर FIR की चेतावनी, धानापुर एवं चकिया में निर्माणाधीन प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का कार्य समय से पूरा कर मशीनों की स्थापना एवं संचालन सुनिश्चित करने का दिया गया निर्देश
धानापुर एवं चकिया विकासखंड की ग्राम पंचायत उत्तरोत्त में निर्माणाधीन प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का कार्य समय से पूरा कर मशीनों की स्थापना एवं संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
चंदौली

8:13 PM, May 12, 2026
चंदौली। डीपीआरसी नियामताबाद में मंगलवार को जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा की अध्यक्षता में पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी ग्राम पंचायत सचिवों एवं सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) ने भाग लिया।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, सामुदायिक शौचालयों के संचालन एवं केयर टेकरों के नियमित भुगतान की समीक्षा की गई। साथ ही बायोगैस प्लांट संचालन तथा धानापुर विकासखंड की ग्राम पंचायत धानापुर एवं चकिया विकासखंड की ग्राम पंचायत उत्तरोत्त में निर्माणाधीन प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का कार्य समय से पूरा कर मशीनों की स्थापना एवं संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीपीआरओ ने “मेरा तालाब मेरी जिम्मेदारी” अभियान के तहत प्रत्येक विकासखंड से 10-10 तालाबों का चयन कर कार्ययोजना तैयार करने एवं उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
Advertisement
बैठक में सभी सचिवों को पंचायत भवनों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने, पंचायत सहायकों की समय से उपस्थिति तथा ग्रामीणों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जनपद की 195 ग्राम पंचायतों में स्थापित की जा रही डिजिटल लाइब्रेरी के संचालन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि वित्त आयोग एवं अन्य योजनाओं के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिना कार्य कराए भुगतान पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
बैठक में जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) मनोज श्रीवास्तव, अश्वनी कुमार, डीपीएम गुंजन कुमार, सौरभ सहित सभी सचिव एवं सहायक विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
