स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा बैठक: सीडीओ ने दिए शौचालय संचालन व कूड़ा प्रबंधन के सख्त निर्देश
विकास भवन सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग के निर्देश पर संपन्न हुई, जिसमें स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
चंदौली

9:12 PM, Jul 31, 2026
चंदौली। विकास भवन सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग के निर्देश पर संपन्न हुई, जिसमें स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रगति तेज करने, ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण तथा घर-घर कूड़ा संग्रहण (डोर-टू-डोर कलेक्शन) और रिसोर्स रिकवरी सेंटर (RRC) के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने सभी सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को निर्देशित किया कि प्रत्येक सामुदायिक शौचालय की दीवार पर खुलने और बंद होने का समय स्पष्ट रूप से अंकित कराया जाए। साथ ही केयरटेकर का मानदेय प्रत्येक माह समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनपद के सभी निष्क्रिय सामुदायिक शौचालयों को शीघ्र सक्रिय कर उनका शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
Advertisement
बैठक में विकासखंड धानापुर की ग्राम पंचायत धानापुर तथा विकासखंड चकिया की ग्राम पंचायत उतरोत में निर्मित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट के संचालन के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारियों एवं सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही केयरटेकर एवं पंचायत सहायकों का मानदेय समय से भुगतान करने पर भी जोर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी एडीओ पंचायत को निर्देशित किया कि ओडीएफ मॉडल ग्रामों के द्वितीय सत्यापन की शत-प्रतिशत रिपोर्ट निर्धारित समय में ऑनलाइन अपलोड कराई जाए।
बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम, जिला परियोजना प्रबंधक, सभी खंड विकास अधिकारी एवं सभी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) उपस्थित रहे।
