बाल श्रम मुक्त पंचायत बनाने का संकल्प, 12 जून तक चलेगा अभियान
विकास खण्ड की सात ग्राम पंचायतों को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने अभियान शुरू किया है। इस संबंध में खण्ड विकास अधिकारी अमित कुमार की अध्यक्षता में ब्लॉक सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों, शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
धानापुर, चंदौली

8:07 PM, May 23, 2026
धानापुर। विकास खण्ड की सात ग्राम पंचायतों को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने अभियान शुरू किया है। इस संबंध में खण्ड विकास अधिकारी अमित कुमार की अध्यक्षता में ब्लॉक सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों, शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर इनायतपुर, नेगुरा, कंधारपुर, नौरंगाबाद, प्रह्लादपुर, मठउछालगिरि एवं निदिलपुर ग्राम पंचायतों को 12 जून तक बाल श्रम मुक्त पंचायत बनाने का संकल्प लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को मजदूरी से मुक्त कर विद्यालयों से जोड़ना है।
खण्ड विकास अधिकारी अमित कुमार ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा का अधिकार दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा बाल मजदूरी कराने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
Advertisement
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पंचायत स्तर पर विशेष निगरानी टीम गठित की जाएगी, जो स्कूल से बाहर बच्चों की पहचान कर उन्हें विद्यालय में नामांकित कराने का कार्य करेगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे बाल श्रम रोकने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित बनाया जा सके।
बैठक के दौरान बाल संरक्षण अधिकारी किशन वर्मा, खण्ड शिक्षा अधिकारी अवधेश नारायण सिंह, स्वास्थ्य विभाग से के.पी. सिंह, धानापुर थाने से बाल कल्याण पुलिस अधिकारी हरिशंकर सिंह, प्रधान प्रह्लादपुर आशुतोष सिंह, वन स्टाप सेंटर की प्रबंधक दीक्षा अग्रहरी, बाल विकास परियोजना विभाग से शकुन्तला देवी, मुकेश कुमार तथा मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान की प्रतिनिधि शहनाज उपस्थित रहीं।
