चंदौली में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, 976 बूथों पर बच्चों को पिलाई गई 'दो बूंद जिंदगी की'
अभियान का शुभारंभ बाबा किनाराम चिकित्सा महाविद्यालय, चंदौली परिसर स्थित मुख्य पोलियो बूथ पर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई और राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर किया।
चंदौली

7:13 PM, Jun 28, 2026
चंदौली। जनपद में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जिले के 976 पोलियो बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर प्रतिरक्षित किया गया।
अभियान का शुभारंभ बाबा किनाराम चिकित्सा महाविद्यालय, चंदौली परिसर स्थित मुख्य पोलियो बूथ पर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई और राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर किया।
इस अवसर पर राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने वर्ष 2014 में भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया था। हालांकि, पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अब भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में संक्रमण की आशंका को देखते हुए देशभर में समय-समय पर पल्स पोलियो अभियान चलाया जाता है, ताकि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षा मिल सके।
Advertisement
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारितोष मिश्रा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. ए.के. दूबे, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक सिंह, यूनिसेफ के मंडलीय समन्वयक आलोक कुमार राय, जेएसआई के राकेश सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाने में सहयोग करें।
