चंदौली में प्रधान के ससुर पर बर्बर हमला, सिर में धंसी कुल्हाड़ी, आरोपी फरार
फूलपुर गांव की ग्राम प्रधान सीमा देवी के पति दिलीप कुमार ने बताया कि गांव के ही निवासी सूरज राम पुत्र विश्वनाथ से आवास योजना को लेकर कुछ महीने पहले विवाद हुआ था। विवाद के बाद सूरज बाहर कमाने चला गया था और दो-तीन दिन पहले ही गांव लौटा था।
बलुआ धानापुर

8:32 PM, July 22, 2025
चंदौली। सरकारी आवास पास न होने के मामले में प्रधान को जिम्मेदार मानते हुए एक युवक ने बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत फूलपुर गांव में मंगलवार ग्राम प्रधान के ससुर और रिश्तेदार पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में 60 वर्षीय बलराम राम और 45 वर्षीय रामकिशुन राम गंभीर रूप से घायल हो गए। बलराम के सिर में कुल्हाड़ी का फाल धंस गया, जिन्हें तत्काल गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फूलपुर गांव की ग्राम प्रधान सीमा देवी के पति दिलीप कुमार ने बताया कि गांव के ही निवासी सूरज राम पुत्र विश्वनाथ से आवास योजना को लेकर कुछ महीने पहले विवाद हुआ था। विवाद के बाद सूरज बाहर कमाने चला गया था और दो-तीन दिन पहले ही गांव लौटा था। उसकी नाराजगी इस बात को लेकर थी कि उसे आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा है और इसके लिए वह प्रधान पति को जिम्मेदार मानता था।
सोमवार की रात सूरज नशे में धुत होकर प्रधान के घर पहुंचा और महिलाओं के साथ गाली-गलौज करते हुए प्रधान पति को जान से मारने की धमकी दी।
Advertisement
इस घटना की सूचना 112 नंबर और बलुआ थाने को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने पीड़ितों को सुबह थाने बुलाया। मंगलवार सुबह जब बलराम और रामकिशुन थाने जाने के लिए मोपेड से निकले, तो रास्ते में सूरज उन्हें मिल गया। पहले कहा-सुनी हुई और फिर उसने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में बलराम की आंख के पास कुल्हाड़ी धंस गई, जबकि रामकिशुन भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी सूरज मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। घटना की पूरी जांच की जा रही है और कुछ अहम तथ्य सामने आए हैं, जिनकी पुष्टि की जा रही है।