अमिलाई में विवाद के दौरान प्रधान की लाइसेंसी पिस्टल गिरी, बेटे ने उठाकर दी धमकी, गिरफ्तार
बलुआ थाना क्षेत्र के अमिलाई गांव में रविवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान ग्राम प्रधान की लाइसेंसी पिस्टल सड़क पर गिर गई। आरोप है कि प्रधान के बेटे ने पिस्टल उठाकर दूसरे पक्ष को धमकाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
चहनिया, चंदौली

वायरल फोटो वीडियो में पिस्टल दिखाता युवक
7:31 PM, Jul 26, 2026
सुधींद्र पाण्डेय
जनपद न्यूज़ टाइम्सचहनियां (चंदौली)। बलुआ थाना क्षेत्र के अमिलाई गांव में रविवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान ग्राम प्रधान की लाइसेंसी पिस्टल सड़क पर गिर गई। आरोप है कि प्रधान के बेटे ने पिस्टल उठाकर दूसरे पक्ष को धमकाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, अमिलाई गांव में वर्तमान ग्राम प्रधान अमरदेव यादव उर्फ नेमी यादव और प्रधान पद की तैयारी कर रहे दूसरे पक्ष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान ग्राम प्रधान की लाइसेंसी पिस्टल उनकी धोती से निकलकर सड़क पर गिर गई।
आरोप है कि प्रधान के बेटे आदर्श यादव ने सड़क पर गिरी पिस्टल उठा ली और दूसरे पक्ष के लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें धमकाने लगा। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
Advertisement
वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलते ही बलुआ पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी युवक को लाइसेंसी पिस्टल सहित गिरफ्तार कर लिया तथा उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि बरामद पिस्टल वर्तमान ग्राम प्रधान के नाम से लाइसेंसी है। उन्होंने बताया कि प्रधान के पुत्र आदर्श और अनुराग द्वारा दूसरे पक्ष के साथ मारपीट और धमकी देने का आरोप है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
