पालिटेक्निक के छात्रों को जल्द मिलेगा अपना छात्रावास, पूर्व विधायक की पहल लाई रंग
बायापुर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन स्तर से जारी पत्र में वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट में छात्रावास निर्माण के लिए प्रावधान करने की बात कही गई है। इससे कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।
शहाबगंज, चंदौली

8:41 PM, Aug 13, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज (चंदौली)। बायापुर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन स्तर से जारी पत्र में वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट में छात्रावास निर्माण के लिए प्रावधान करने की बात कही गई है। इससे कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।
पूर्व विधायक चकिया शिव तपस्या पासवान ने 16 जून 2026 को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज बायापुर में छात्रावास की आवश्यकता से अवगत कराया था। उन्होंने कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए छात्रावास निर्माण की मांग रखी थी। इसके बाद प्राविधिक शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।
प्राविधिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव विनोद कुमार की ओर से पूर्व विधायक शिव तपस्या पासवान को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि कॉलेज में छात्रावास के लिए भूमि उपलब्ध नहीं थी। करीब दो एकड़ भूमि का सीमांकन उपजिलाधिकारी कार्यालय चकिया की ओर से 11 मार्च 2026 को कराया जा चुका है। भूमि को विभाग के कब्जे में दिए जाने के लिए पत्र भी प्रेषित किया गया है।
Advertisement
पत्र के अनुसार राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्रामीण क्षेत्र में स्थित है और शहाबगंज ब्लाक से करीब चार किलोमीटर की दूरी पर है। वर्तमान में कॉलेज में लगभग 416 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों की ओर से लगातार छात्रावास की मांग की जा रही है। इसके लिए 90 सीट के महिला और 180 सीट के पुरुष छात्रावास, कुल 270 सीटों की आवश्यकता बताई गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपलब्ध करीब दो एकड़ भूमि पर दोनों छात्रावासों के निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट में प्रावधान करते हुए निर्माण कार्य की कार्रवाई की जाएगी। शासन के इस निर्णय से दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
पूर्व विधायक शिव तपस्या पासवान ने बताया कि छात्रों की समस्या को लेकर 16 जून को मुख्यमंत्री जी से मिलकर समस्या से औगत कराया था।अब शासन से छात्रावास बनाने का पत्र जारी होने से जल्द ही कार्य होगा।
