विवाहिता के अंतिम संस्कार के लिए जा रहे शव को पुलिस ने रोका, नौली गांव में संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत
थाना क्षेत्र के नौली गांव में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विवाहिता के शव का अंतिम संस्कार करने जा रहे परिजनों को पुलिस ने रोक दिया। महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
धानापुर, चंदौली

11:19 AM, May 13, 2026
धानापुर (चंदौली)। थाना क्षेत्र के नौली गांव में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विवाहिता के शव का अंतिम संस्कार करने जा रहे परिजनों को पुलिस ने रोक दिया। महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार नौली गांव निवासी जमुना राम की शादी सरोज (32) से वर्ष 2002 में हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। एक हाईस्कूल का छात्र है, एक दस वर्ष का है, जबकि दूसरी बेटी कक्षा सात में पढ़ती है। बताया जा रहा है कि सरोज ने घर में करकट के नीचे लोहे के पाइप के सहारे फांसी लगा ली।
परिजनों ने आनन-फानन में महिला को नीचे उतारकर एक निजी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर जा रहे थे। इसी दौरान किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी।
Advertisement
सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रोककर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
इस संबंध में धानापुर प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सेन ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
बताया गया कि मृतका की मां मध्य प्रदेश में रहती हैं, जबकि घटना की सूचना मिलने पर उसकी मौसी मौके पर पहुंच गई हैं।
