धीना में दोहरी हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गावां गांव के समीप नहर और सड़क किनारे मिले दो युवकों के शव के मामले में पुलिस ने दोहरी हत्या का खुलासा किया है। पुलिस ने हत्याकांड के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक हसिया भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, जमीन से जुड़े विवाद में दोनों युवकों की हत्या की गई थी।
चन्दौली

8:07 PM, Nov 5, 2026
सिद्धार्थ और सागर की हत्या के बाद शवों को अलग-अलग स्थानों पर फेंका था, हत्याकांड में प्रयुक्त हसिया बरामद
(चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गावां गांव के समीप नहर और सड़क किनारे मिले दो युवकों के शव के मामले में पुलिस ने दोहरी हत्या का खुलासा किया है। पुलिस ने हत्याकांड के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक हसिया भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, जमीन से जुड़े विवाद में दोनों युवकों की हत्या की गई थी।
गौरतलब है कि 22 अक्टूबर को डेढ़गावां गांव के समीप नहर-नाले और सड़क किनारे दो अज्ञात युवकों के शव बरामद हुए थे। जांच के दौरान दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से हमला करने और गोली मारे जाने के निशान मिले थे। बाद में मृतकों की पहचान सिद्धार्थ सिंह (32) निवासी बरहपुर, थाना नंदगंज, गाजीपुर और सागर त्रिपाठी (35) निवासी यशोदा नगर, कानपुर के रूप में हुई थी।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में सर्विलांस, फॉरेंसिक, धीना और धानापुर थाने की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस डेटा और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने धानापुर ब्लॉक परिसर के गेट के पास से मेढ़वा गांव निवासी सूर्यप्रकाश सिंह (24) और विकास सिंह (34) को गिरफ्तार कर लिया।
कटरा खरीदने और रजिस्ट्री को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर को धानापुर थाना क्षेत्र में घनश्याम सिंह के मकान पर शराब और मीट की पार्टी रखी गई थी। इसमें दोनों मृतकों के साथ कुछ अन्य लोग भी शामिल थे। इस दौरान नंदगंज के सादियाबाद मोड़ स्थित सिद्धार्थ सिंह के नाम के कटरे की खरीद और रजिस्ट्री को लेकर रवि सिंह और सिद्धार्थ के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान रवि सिंह और गोलू सिंह सिद्धार्थ को घर के बाहर सड़क पर ले गए और सीने में गोली मार दी।
Advertisement
पुलिस के मुताबिक, गोली चलने की आवाज सुनकर सागर त्रिपाठी अपने एक मित्र को फोन पर घटना की जानकारी देने लगा। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि सूर्यप्रकाश सिंह ने हसिया से सागर का गला रेत दिया, जबकि रवि सिंह ने उसे भी गोली मार दी।
स्कॉर्पियो और बोरे में लादकर ठिकाने लगाए शव
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने एक अन्य साथी की मदद से दोनों शवों को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। सागर के शव को बोरे में भर दिया गया, जबकि सिद्धार्थ के शव को सूर्यप्रकाश की स्कॉर्पियो में रखा गया। इसके बाद डेढ़गावां-जमानिया बॉर्डर के पास सिद्धार्थ का शव पुलिया के समीप फेंक दिया गया और करीब एक किलोमीटर दूर सागर के शव को बोरे सहित नहर में फेंक दिया गया। वारदात के बाद सभी बनारस की ओर चले गए।
पुलिस ने गिरफ्तार सूर्यप्रकाश सिंह की निशानदेही पर डेढ़गावां के पास झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त एक हसिया बरामद किया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में धीना थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन, धानापुर थाने के उपनिरीक्षक बृजेश कुमार मिश्रा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
