बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़! ओवरलोड वाहनों में बैठाकर खेलकूद प्रतियोगिता में लाए गए नौनिहाल
धानापुर (चंदौली)। कस्बा स्थित अमर वीर इंटर कॉलेज मैदान में सोमवार को विकासखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विकासखंड के कुल 13 संकुलों के परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने प्रतिभाग किया। लेकिन प्रतियोगिता में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई।
धानापुर, चंदौली

4:52 PM, Nov 23, 2026
धानापुर (चंदौली)। कस्बा स्थित अमर वीर इंटर कॉलेज मैदान में सोमवार को विकासखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विकासखंड के कुल 13 संकुलों के परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने प्रतिभाग किया। लेकिन प्रतियोगिता में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई।
आरोप है कि प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए बच्चों को आयोजन स्थल तक लाने के लिए तीन पहिया टोटो और पिकअप वाहनों का इस्तेमाल किया गया। इन वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर लाया गया। ओवरलोड वाहनों में बच्चों को बैठाकर सड़क पर दौड़ाना किसी बड़े हादसे को न्योता देने से कम नहीं है।
Advertisement
हैरानी की बात यह है कि बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी जिन शिक्षकों और जिम्मेदार लोगों पर है, उन्हीं की देखरेख में इस तरह की व्यवस्था किए जाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि रास्ते में कोई दुर्घटना हो जाती तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता? क्या बच्चों की जान की सुरक्षा से बढ़कर प्रतियोगिता में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करना जरूरी था?
शिक्षक समाज को बच्चों के लिए आदर्श माना जाता है। ऐसे में शिक्षित वर्ग की ओर से ही सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने पर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। अब सवाल यह उठता है कि इस मामले में शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारी क्या संज्ञान लेते हैं और बच्चों को जोखिम में डालने के मामले में क्या कार्रवाई की जाती है?
