वार्षिक क्रीड़ा समारोह में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, रिमझिम और सौरभ ने मारी बाजी
धानापुर (चंदौली) । कस्बा स्थित शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह का दमदार शुभारंभ हुआ। समारोह के पहले दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
धानापुर, चंदौली

4:21 PM, Nov 19, 2026
धानापुर (चंदौली) । कस्बा स्थित शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह का दमदार शुभारंभ हुआ। समारोह के पहले दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पाण्डेय रहे। समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। इस दौरान प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने आकर्षक मार्च-पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ध्रुव भूषण सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। वहीं क्रीड़ा समारोह के संयोजक डॉ. नौशाद अहमद ने प्राचार्य प्रो. ध्रुव भूषण सिंह को पुष्पगुच्छ तथा डॉ. संदीप कुमार यादव ने स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
इसके बाद खिलाड़ियों ने मशाल लेकर मैदान का चक्कर लगाया। मुख्य अतिथि ने ज्योति प्रज्वलित कर खेल प्रतियोगिताओं के शुभारंभ की घोषणा की। प्रथम दिन महिला एवं पुरुष वर्ग में 100 और 200 मीटर दौड़, गोला फेंक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। पुरुष वर्ग में जैवलिन थ्रो, 400 मीटर और 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
प्रतियोगिताओं के परिणाम में महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में रिमझिम ने प्रथम, प्रीति ने द्वितीय और श्रेया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में रिमझिम प्रथम, प्रीति चौरसिया द्वितीय और सरिता तृतीय स्थान पर रहीं। महिला गोला फेंक प्रतियोगिता में अंशिका प्रथम, पूजा द्वितीय और आफरीन अंसारी तृतीय स्थान पर रहीं।
Advertisement
पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सौरभ गुप्ता ने प्रथम, ज्वाला यादव ने द्वितीय और सुजीत कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में ज्वाला यादव प्रथम, हिमांशु द्वितीय और आतिश तृतीय स्थान पर रहे। 1600 मीटर दौड़ में शुभम ने प्रथम, सौरभ गुप्ता ने द्वितीय और चंदन गुप्ता ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं पुरुष गोला फेंक प्रतियोगिता में ज्वाला यादव प्रथम, अंकित यादव द्वितीय और शुभम गुप्ता तृतीय स्थान पर रहे।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने निर्णायक की भूमिका निभाई। मुख्य अतिथि, प्राचार्य एवं प्राध्यापकों ने विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न और मेडल देकर सम्मानित किया। अंत में प्राचार्य प्रो. ध्रुव भूषण सिंह ने विजेताओं को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की सराहना की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
