केरायगांव में एक हेक्टेयर भूमि पर 4,000 पौधों के रोपण अभियान का शुभारंभ, विधायक कैलाश आचार्य ने लगाया पौधा
विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का प्रयास करना चाहिए।
शहाबगंज, चंदौली

7:52 PM, Jul 12, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज, चंदौली। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकास खंड शहाबगंज के केरायगांव में रविवार को एक हेक्टेयर भूमि पर 4,000 पौधों के रोपण अभियान का शुभारंभ विधायक कैलाश आचार्य ने पौधा लगाकर किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का प्रयास करना चाहिए।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। पेड़-पौधे न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, जल और स्वस्थ जीवन भी प्रदान करते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से पौधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
Advertisement
खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप पूरे क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। केरायगांव में एक हेक्टेयर क्षेत्रफल में 4,000 पौधों का रोपण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र का हरित आवरण बढ़ेगा और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर एडीओ पंचायत अरविन्द सिंह, एपीओ राजन सिंह, ग्राम प्रधान पूनम देवी, ग्राम सचिव चन्द्रबली सिंह, अवधेश यादव, गिरीश नंदन उपाध्याय, तकनीकी सहायक ओपी केशरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पौधों की देखभाल और संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
