श्रावण मास की तैयारियों को लेकर चंदौली में पीस कमेटी की बैठक, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर
आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनन्त चन्द्रशेखर ने की।
चंदौली

5:56 PM, Jul 23, 2026
चंदौली। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनन्त चन्द्रशेखर ने की।
बैठक में प्रमुख मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत, पार्किंग, यातायात डायवर्जन और भीड़ प्रबंधन सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़कों के गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए, खुले नालों को ढंका जाए तथा पूरे मार्ग पर स्वच्छता एवं सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
Advertisement
अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनन्त चन्द्रशेखर ने कहा कि श्रावण मास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। प्रमुख मंदिरों, कांवड़ मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू किया जाएगा तथा पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।
जनपद न्यूज टाइम्स
