कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू, 5 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन
कृषि विभाग की ओर से कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के तहत विभिन्न कृषि यंत्रों एवं कृषि रक्षा उपकरणों पर अनुदान देने के लिए ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक किसान 5 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उप कृषि निदेशक भीमसेन ने जनपद के पंजीकृत किसानों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
चंदौली

5:37 PM, Nov 27, 2026
रोटावेटर, थ्रेशर, कंबाइन हार्वेस्टर और किसान ड्रोन समेत कई उपकरणों पर मिलेगा अनुदान, बुकिंग के लिए 2500 से 5000 रुपये तक टोकन मनी निर्धारित
चंदौली। कृषि विभाग की ओर से कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के तहत विभिन्न कृषि यंत्रों एवं कृषि रक्षा उपकरणों पर अनुदान देने के लिए ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक किसान 5 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उप कृषि निदेशक भीमसेन ने जनपद के पंजीकृत किसानों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल https://agriculture.up.gov.in पर 26 नवंबर से ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है। किसान घर बैठे या नजदीकी जनसेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
Advertisement
योजना के तहत रोटावेटर, चैप कटर, मल्टी क्रॉप थ्रेशर, लेजर लैंड लेवलर, स्ट्रॉ रीपर, मिनी राइस मिल, मिनी दाल मिल, हैरो, कल्टीवेटर, कंबाइन हार्वेस्टर, ऑयल मिल विद फिल्टर प्रेस, मिनी ऑयल मिल, कस्टम हायरिंग सेंटर और किसान ड्रोन सहित कई कृषि उपकरणों पर अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।
ऑनलाइन बुकिंग के दौरान किसानों को निर्धारित टोकन मनी जमा करनी होगी। एक लाख रुपये तक के अनुदान वाले कृषि यंत्रों के लिए 2500 रुपये और एक लाख रुपये से अधिक अनुदान वाले यंत्रों के लिए 5000 रुपये टोकन मनी निर्धारित की गई है।
उप कृषि निदेशक ने किसानों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय से ऑनलाइन बुकिंग पूरी कर लें, जिससे शासन की इस योजना का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिल सके।
