रक्षाबंधन पर अमरवीर कॉलेज मैदान में उमड़ा सैलाब, बहनों ने विधायक को राखी बांधकर दिया आशीर्वाद
धानापुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर रविवार को धानापुर कस्बा स्थित अमरवीर इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित बहनों के सम्मान समारोह में मातृशक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से करीब 10 हजार महिलाएं समारोह में पहुंचीं। महिलाओं ने विधायक सुशील सिंह को भाई का स्नेह देते हुए राखी बांधी और उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विशाल आयोजन को लेकर कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के भी
धानापुर, चंदौली

8:02 PM, Aug 30, 2026
धानापुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर रविवार को धानापुर कस्बा स्थित अमरवीर इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित बहनों के सम्मान समारोह में मातृशक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से करीब 10 हजार महिलाएं समारोह में पहुंचीं। महिलाओं ने विधायक सुशील सिंह को भाई का स्नेह देते हुए राखी बांधी और उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विशाल आयोजन को लेकर कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रदेश के आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ मुख्य अतिथि और राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह विशिष्ट अतिथि रहीं।
समारोह में पहुंचीं महिलाओं के उत्साह का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता था कि सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। बड़ी संख्या में महिलाएं समूह में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं। मैदान में महिलाओं की भीड़ से माहौल पूरी तरह रक्षाबंधन के रंग में रंगा नजर आया। बहनों ने विधायक सुशील सिंह की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूत किया और उन्हें आशीर्वाद दिया।
मुख्य अतिथि आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि भारतीय संस्कृति में भाई-बहन का रिश्ता बेहद पवित्र माना गया है। भारत दुनिया का ऐसा देश है, जहां मिट्टी और नदियों तक को मां का दर्जा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। सरकार ने मातृशक्ति के लिए कई योजनाएं संचालित की हैं, जिसका लाभ महिलाओं को मिल रहा है। इन योजनाओं के चलते आज महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी समाज और देश के विकास में लगातार बढ़ रही है। मातृशक्ति को सशक्त बनाने के लिए सरकार की योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत करना है।
बहनों का आशीर्वाद विश्वास की निशानी : दर्शना सिंह
Advertisement
विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर इतनी बड़ी संख्या में मातृशक्ति का एकत्र होना उत्साह बढ़ाने वाला है। बहनों ने विधायक सुशील सिंह को भाई मानकर जिस तरह अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया है, वह उनके प्रति विश्वास को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का यह आशीर्वाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। महिला आरक्षण कानून का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसे सदन में लाए जाने के समय विपक्ष ने विरोध किया था। आने वाले चुनाव में मातृशक्ति अपने मत के माध्यम से इसका जवाब देगी।
बहनों के सुख-दुख में हमेशा साथ रहूंगा : सुशील सिंह
विधायक सुशील सिंह ने कहा कि क्षेत्र की बहनों ने जिस विश्वास और स्नेह के साथ उन्हें राखी बांधकर आशीर्वाद दिया है, उसके लिए वह सदैव उनके ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता केवल रक्षाबंधन तक सीमित नहीं है। बहनों के सुख-दुख में उनका भाई हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। महिलाओं के सम्मान और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
समारोह में ब्लाक प्रमुख अजय सिंह, आभा जायसवाल, निधि खरवार, अवधेश सिंह, राजेश सिंह, मृत्युंजय सिंह, आशु सिंह, रामजी कुशवाहा, रमेश द्विवेदी, इंद्रजीत बिंद समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री सुजीत जायसवाल ने किया।
