पुलिस झंडा दिवस पर एसपी ने पुलिस लाइन में ध्वजारोहण कर खाकी के त्याग और बलिदान को किया याद
चन्दौली।जनपद में 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस' के अवसर पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल द्वारा शिविर पुलिस लाइन में ससम्मान पुलिस ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पुलिस बल के गौरवशाली इतिहास और कर्तव्यनिष्ठा पर प्रकाश डाला।
चंदौली

4:34 PM, Nov 23, 2026
चन्दौली।जनपद में 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस' के अवसर पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल द्वारा शिविर पुलिस लाइन में ससम्मान पुलिस ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पुलिस बल के गौरवशाली इतिहास और कर्तव्यनिष्ठा पर प्रकाश डाला।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा 23 नवंबर 1952 को सर्वप्रथम उत्तर प्रदेश पुलिस को 'पुलिस ध्वज' (पुलिस कलर) प्रदान किया गया था। उत्तर प्रदेश पुलिस पूरे देश का पहला ऐसा राज्य पुलिस बल है, जिसे उसके अप्रतिम योगदान और शौर्य के फलस्वरूप यह सम्मान प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि यह ध्वज हमारे विभाग के गौरवशाली इतिहास, वीर जवानों की कर्तव्यपरायणता और उनकी शौर्यगाथाओं की अमिट धरोहर है, जो हमें प्रत्येक क्षण अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक व समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। साथ ही, यह दिन हमारे जांबाज पुलिसकर्मियों के सर्वोच्च त्याग और बलिदान को स्मरण करने का भी अवसर है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), उत्तर प्रदेश के संदेश को पढ़कर सुनाया गया तथा सभी पुलिसकर्मियों को निष्ठापूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए पुलिस ध्वज की गरिमा बनाए रखने हेतु प्रेरित किया गया।
Advertisement
संदेश में उत्तर प्रदेश पुलिस के सराहनीय कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि वर्ष 2017 से 2 लाख 26 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है। अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत 'ऑपरेशन कन्विक्शन' के अंतर्गत 1 जुलाई, 2023 से 18 नवंबर, 2026 तक 1 लाख 64 हजार 917 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई है। इसके साथ ही महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण के लिए वर्ष 2025 में प्रत्येक थाने में 'मिशन शक्ति केन्द्र' स्थापित किए गए, साइबर अपराध नियंत्रण हेतु 1930 हेल्पलाइन व जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित 'यक्ष' ऐप का उपयोग किया जा रहा है। यातायात सुधार के लिए आर टी सी योजना से कंजेशन पॉइंट्स में लगभग 64 प्रतिशत सुधार हुआ और योजना के तहत वर्ष 2026 की पहली छमाही में सड़क दुर्घटनाओं में 9 प्रतिशत तथा मृत्यु में 10 प्रतिशत की कमी के साथ 800 से अधिक जीवन बचाए गए।
साथ ही जनपद के समस्त थानों, पुलिस चौकियों व कार्यालयों में ससम्मान पुलिस ध्वज फहराकर एवं एक-दूसरे को फ्लैग पिन लगाकर पुलिस झंडा दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय राय सहित पुलिस आफिस व पुलिस लाइन में नियुक्त समस्त अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।
