अब धानापुर से दिल्ली तक ‘जिंदगी की दौड़’, गंभीर मरीजों के लिए एएलएस एंबुलेंस बनेगी संजीवनी
सीएचसी धानापुर के चिकित्साधीक्षक डॉ. रितेश जायसवाल ने बताया कि एएलएस एंबुलेंस में प्रशिक्षित चिकित्सक के साथ पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहेगा। इसमें जीवनरक्षक दवाएं, कार्डियक मॉनिटर, ईसीजी और वेंटिलेटर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। गंभीर मरीज को अस्पताल पहुंचाने के दौरान भी उसकी स्थिति की लगातार निगरानी की जा सकेगी।
धानापुर, चंदौली

4:03 PM, Aug 8, 2026
हार्ट अटैक से लेकर अन्य गंभीर मरीजों को मिलेगी रास्ते में ही लाइफ सपोर्ट की सुविधा, जिला अस्पताल से दिल्ली तक निशुल्क पहुंचाएगी एंबुलेंस
धानापुर, चंदौली। अब गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचने तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धानापुर पर एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस की सुविधा शुरू हो गई है। यह एंबुलेंस गंभीर मरीजों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं होगी। मरीज की हालत को देखते हुए उसे चंदौली जिला अस्पताल से लेकर वाराणसी, लखनऊ और जरूरत पड़ने पर दिल्ली तक निशुल्क इलाज के लिए पहुंचाया जा सकेगा।
शासन के निर्देश पर शुरू हुई इस सुविधा से खासकर हार्ट अटैक, सांस की गंभीर समस्या, दुर्घटना में घायल और अन्य गंभीर मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। एंबुलेंस में मरीज को अस्पताल ले जाते समय भी आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल मिलती रहेगी, जिससे रास्ते में उसकी हालत बिगड़ने की स्थिति में तत्काल जीवनरक्षक सहायता दी जा सके।
एएलएस के जिला प्रभारी अंकित गुप्ता ने बताया कि जनपद में धानापुर, चंदौली और नौगढ़ में एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस लगाई गई हैं। गंभीर स्थिति में रेफर किए जाने वाले मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उच्च चिकित्सा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
Advertisement
सीएचसी धानापुर के चिकित्साधीक्षक डॉ. रितेश जायसवाल ने बताया कि एएलएस एंबुलेंस में प्रशिक्षित चिकित्सक के साथ पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहेगा। इसमें जीवनरक्षक दवाएं, कार्डियक मॉनिटर, ईसीजी और वेंटिलेटर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। गंभीर मरीज को अस्पताल पहुंचाने के दौरान भी उसकी स्थिति की लगातार निगरानी की जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर मरीज को चंदौली जिला अस्पताल, बीएचयू, लखनऊ पीजीआई सहित दिल्ली के उच्च चिकित्सा संस्थानों तक ले जाया जा सकता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस सुविधा का लाभ मरीजों को निशुल्क मिलेगा।
पहले जिला अस्पताल, अब धानापुर में भी सुविधा
अब तक एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की सुविधा मुख्य रूप से जिला अस्पताल स्तर पर उपलब्ध थी। धानापुर सीएचसी पर एएलएस एंबुलेंस मिलने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के गंभीर मरीजों को समय की बचत के साथ तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। गंभीर मरीजों के लिए इलाज में एक-एक मिनट कीमती होता है, ऐसे में सीएचसी स्तर पर एएलएस एंबुलेंस की उपलब्धता बड़ी राहत मानी जा रही है।
