भीषण ठंड से कांपा उत्तर भारत, दिल्ली में 129 उड़ानें रद्द
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही वायु प्रदूषण भी गंभीर स्तर पर पहुंच गया।

6:44 AM, Dec 21, 2025
मौसम
जनपद न्यूज़ टाइम्सनई दिल्ली। उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड, घने कोहरे और सर्द हवाओं की चपेट में है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। केवल दिल्ली में ही घने कोहरे के कारण 129 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई उड़ानें देरी से संचालित हुईं।
कोहरा और प्रदूषण ने बढ़ाई मुश्किलें
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही वायु प्रदूषण भी गंभीर स्तर पर पहुंच गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का औसत एक्यूआई 398 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में है।
नोएडा: 401 (गंभीर)
गुरुग्राम: 362
गाजियाबाद: 361
ग्रेटर नोएडा: 344
दिल्ली के कई इलाकों में हालात और चिंताजनक रहे। सराय काले खां में एक्यूआई 428, अक्षरधाम में 420 और राव तुला राम मार्ग पर 403 दर्ज किया गया।
उड़ानें रद्द, सड़कों पर रेंगते वाहन
Advertisement
घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। दिनभर धूप नहीं निकलने से ठंड और बढ़ गई। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रद्द की गई 129 उड़ानों में 63 प्रस्थान और 66 आगमन वाली उड़ानें शामिल रहीं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एयरलाइनों ने यात्रियों को उड़ान की स्थिति जांचने के बाद ही घर से निकलने की सलाह दी है।
राजधानी में ऑरेंज अलर्ट, यूपी में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली में कड़ाके की ठंड को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 22 दिसंबर तक कोहरा और ठंड बनी रहने की संभावना है।
वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बहुत घने कोहरे को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। गाजियाबाद, कानपुर, आगरा और प्रयागराज में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जबकि बरेली और झांसी में यह 50 मीटर से भी कम रही।
पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड
जम्मू-कश्मीर में रविवार से 40 दिनों का चिल्लेकलां शुरू हो गया है। श्रीनगर में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया।
हिमाचल प्रदेश, कश्मीर घाटी और लद्दाख में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बारिश और भारी बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, चंबा और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है, जिससे मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ेगी।
इंडिगो की यात्रियों को सलाह
इंडिगो एयरलाइन ने यात्रा एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि रविवार सुबह दिल्ली और उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण उड़ानों में देरी या बदलाव संभव है। यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
