साइबर ठगी के 100 से अधिक म्यूल खातों के नेटवर्क का खुलासा, दो गिरफ्तार
मुगलसराय। ऑनलाइन साइबर ठगी के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल करने वाले म्यूल अकाउंट नेटवर्क का चन्दौली पुलिस ने खुलासा किया है। अलीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से आठ बैंक खाता विवरण, पांच पासबुक, एक चेकबुक, छह डेबिट कार्ड, छह सिम कार्ड, दो कूटरचित आधार कार्ड, तीन मोबाइल फोन और 650 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
चंदौली

4:09 PM, Aug 11, 2026
16 राज्यों में फैला था नेटवर्क, 17 खातों के खिलाफ 76 साइबर फ्रॉड शिकायतें; करीब 29 लाख रुपये की ठगी का खुलासा
मुगलसराय। ऑनलाइन साइबर ठगी के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल करने वाले म्यूल अकाउंट नेटवर्क का चन्दौली पुलिस ने खुलासा किया है। अलीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से आठ बैंक खाता विवरण, पांच पासबुक, एक चेकबुक, छह डेबिट कार्ड, छह सिम कार्ड, दो कूटरचित आधार कार्ड, तीन मोबाइल फोन और 650 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, वर्तमान में चिन्हित 17 म्यूल खातों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर 16 राज्यों से 76 साइबर फ्रॉड शिकायतें मिली हैं। इनमें करीब 29 लाख रुपये की ठगी की जानकारी सामने आई है। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों के पास से मिले बैंक दस्तावेजों और NCRP से मिलान में कुल 7,20,725 रुपये के साइबर फ्रॉड का विवरण मिला है।
पुलिस के अनुसार, अलीनगर पुलिस और साइबर सेल की टीम सोमवार रात म्यूल खातों और साइबर फ्रॉड से जुड़े संदिग्धों की तलाश में चकिया तिराहे के पास मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि साइबर ठगी की रकम मंगाने और बैंक खातों के अवैध लेन-देन में शामिल गिरोह के सदस्य वीआईपी गेट मुगलसराय के पास डीआरएम कार्यालय के समीप मौजूद हैं। सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर रात करीब 9:52 बजे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
स्थानीय लोगों से खुलवाते थे बैंक खाते
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए स्थानीय पते वाले कूटरचित आधार कार्ड का इस्तेमाल करते थे। पुलिस के मुताबिक, अमन शर्मा क्षेत्र में घूमकर लोगों और स्वयं के नाम पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाता था। इसके बाद पासबुक, चेकबुक, डेबिट कार्ड और सिम कार्ड एकत्र करता था। नीतीश कुमार इन बैंकिंग दस्तावेजों को अमन से लेकर बिहार के नवादा निवासी सोनू सिंह तक पहुंचाता था। पुलिस के अनुसार, सोनू सिंह ही इस नेटवर्क को आगे संचालित करता था।
पांच बैंक खातों से 3.97 लाख के फ्रॉड का विवरण
गिरफ्तार आरोपी नीतीश कुमार (30) निवासी मीर चक, थाना वारिस अलीगंज, नवादा, बिहार के पास से दो मोबाइल, आठ बैंक खाता विवरण, 400 रुपये और कूटरचित आधार कार्ड बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, बरामद बैंक दस्तावेजों और NCRP से मिलान में पांच बैंक खातों का इस्तेमाल ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, राजस्थान, गुजरात और चंडीगढ़ में लोन फ्रॉड, डिलीवरी फ्रॉड और यूपीआई धोखाधड़ी की रकम मंगाने में किया गया। इन खातों से जुड़े मामलों में 3,97,477 रुपये के साइबर फ्रॉड का विवरण मिला।
पुलिस के अनुसार, नीतीश के पास से बरामद कूटरचित आधार कार्ड पर फोटो उसकी थी, जबकि नाम और पता किसी अन्य व्यक्ति का अंकित था।
Advertisement
अमन के खातों से 3.23 लाख की ठगी का ब्योरा
दूसरा आरोपी अमन शर्मा (27) निवासी सकलडीहा कोट, थाना सकलडीहा, चन्दौली है। उसके पास से एक Redmi मोबाइल, पांच पासबुक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र की एक चेकबुक, छह डेबिट कार्ड, छह सिम कार्ड, 250 रुपये और कूटरचित आधार कार्ड बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, उसके उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के खाते से NCRP पर गाजीपुर, तमिलनाडु और कर्नाटक में दर्ज आठ शिकायतों का संबंध मिला। इनमें लोन फ्रॉड, फ्रेंचाइजी फ्रॉड और यूपीआई फ्रॉड के जरिए करीब 2.52 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया। इसके अलावा इंडियन बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाते भी साइबर शिकायतों में प्रयुक्त पाए गए। पुलिस के अनुसार, अमन के पास से मिले बैंक दस्तावेजों और चेकबुक से कुल 3,23,248 रुपये के साइबर फ्रॉड का विवरण मिला।
लोन, पार्सल और पार्ट टाइम जॉब का देते थे झांसा
पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह देशभर में अलग-अलग तरीके से लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। आरोपियों द्वारा बजाज फाइनेंस के नाम पर लोन दिलाने, Meesho डिलीवरी पार्सल भुगतान, फेसबुक विज्ञापन, पार्ट टाइम जॉब और निवेश के नाम पर लोगों को झांसा दिया जाता था। ठगी की रकम म्यूल खातों में मंगाकर आगे दूसरे खातों में भेजी जाती थी।
पुलिस के अनुसार, इन खातों में तमिलनाडु, गुजरात, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, तेलंगाना, राजस्थान, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से संबंधित साइबर शिकायतों की रकम का लेन-देन मिला है।
एक दिन पहले भी तीन आरोपी हुए थे गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, इससे एक दिन पहले 10 अगस्त को थाना चन्दौली पुलिस और साइबर टीम ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से तीन पासबुक, तीन कूटरचित आधार कार्ड और एक वीवो मोबाइल बरामद किया गया था। पुलिस अब दोनों मामलों को जोड़कर साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
अलीनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 0496/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 339, 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66डी में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरोह के अन्य आरोपी सोनू सिंह निवासी नवादा, बिहार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।
