डिजिटल ठगी के शिकार नईमुल हक को वापस मिले एक लाख रुपये
धानापुर (चंदौली)। विदेश में चचेरे भाई की गिरफ्तारी का डर दिखाकर साइबर ठगों ने धानापुर निवासी एक व्यक्ति से एक लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर धानापुर पुलिस और साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि वापस करा दी। नौ अक्तूबर को रुपये बैंक खाते में वापस आने पर पीड़ित और उसके परिजनों ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
धानापुर, चंदौली

6:35 PM, Oct 10, 2026
विदेश में चचेरे भाई की गिरफ्तारी का डर दिखाकर ठगे थे रुपये,
धानापुर पुलिस और साइबर टीम की त्वरित कार्रवाई से मिली राहत
धानापुर (चंदौली)। विदेश में चचेरे भाई की गिरफ्तारी का डर दिखाकर साइबर ठगों ने धानापुर निवासी एक व्यक्ति से एक लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर धानापुर पुलिस और साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि वापस करा दी। नौ अक्तूबर को रुपये बैंक खाते में वापस आने पर पीड़ित और उसके परिजनों ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
धानापुर कस्बा निवासी नईमुल हक खान, पुत्र स्वर्गीय हनीफ खान, को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उनके चचेरे भाई अबुल वैश, जो दुबई में रहते हैं, को वहां की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। चचेरे भाई को छुड़ाने का झांसा देकर ठगों ने उनसे एक लाख रुपये दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद एक लाख रुपये की और मांग की जाने लगी। इस पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने तत्काल थाना धानापुर में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दी।
Advertisement
शिकायत मिलते ही थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में धानापुर पुलिस और साइबर टीम सक्रिय हो गई। टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी धनराशि संबंधित बैंक खाते में फ्रीज करा दी। इसके बाद न्यायालय से धनराशि रिलीज करने का आदेश प्राप्त कर बैंक को आवश्यक नोटिस भेजा गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पीड़ित के खाते में एक लाख रुपये वापस आ गए।
अनजान कॉल से रहें सतर्क
चंदौली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश में गिरफ्तारी या डिजिटल अरेस्ट के नाम पर आने वाली अनजान कॉल से घबराएं नहीं। किसी भी सूचना की पुष्टि किए बिना किसी अज्ञात खाते में रुपये ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी थाने के साइबर हेल्पडेस्क से संपर्क करें।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना धानापुर के प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र, साइबर प्रभारी निरीक्षक सलिल स्वरूप आदर्श, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए अनुराग गुप्ता और साइबर सेल के मुख्य आरक्षी सूर्य प्रवीण त्रिपाठी शामिल रहे।
