हक के लिए मेरी आत्म भी लड़ेगी मुकदमा "कब तक मुकदमा करोगे, मेरी मौत के बाद तो नहीं" – अंजनी सिंह
उन्होंने कहा कि वह हमेशा गांव, गरीब, किसान, श्रमिक, नौजवान, छात्र-छात्राओं, माताओं, महिलाओं, व्यापारियों और सर्व समाज के हक व न्याय के लिए निडर होकर संघर्ष करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। उनका दावा है कि चंदौली के विकास और जनहित के बड़े मुद्दों को उन्होंने हमेशा समर्पित भाव से उठाया है।
चंदौली

3:51 PM, Jun 20, 2026
धानापुर, चंदौली। जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों को लेकर पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि, "कब तक मुकदमा करोगे, मेरी मौत के बाद तो नहीं। मैं एक गरीब किसान का बेटा हूं। जब तक सांस है, गरीबों, मजलूमों और किसानों की भलाई के लिए मेरा दिल धड़कता रहेगा।"
उन्होंने कहा कि वह हमेशा गांव, गरीब, किसान, श्रमिक, नौजवान, छात्र-छात्राओं, माताओं, महिलाओं, व्यापारियों और सर्व समाज के हक व न्याय के लिए निडर होकर संघर्ष करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। उनका दावा है कि चंदौली के विकास और जनहित के बड़े मुद्दों को उन्होंने हमेशा समर्पित भाव से उठाया है।
अंजनी सिंह ने कहा कि उन्होंने जाति, धर्म और पार्टी की सीमाओं से ऊपर उठकर सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य किया है। उन्होंने पुलिस व्यवस्था को एक महत्वपूर्ण संस्था बताते हुए कहा कि पुलिस को निष्पक्ष, ईमानदार और न्याय के प्रति समर्पित होकर काम करना चाहिए।
Advertisement
उन्होंने आरोप लगाया कि जब पुलिस अपने कर्तव्यों से भटककर मनमानी करने लगे, गलत मुकदमे दर्ज करे और निष्पक्षता छोड़ दे, तो ऐसे मामलों में न्यायपालिका ही उम्मीद का केंद्र होती है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर वह जल्द ही सभी साक्ष्यों के साथ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
"बहुत जल्द हमारी और चंदौली पुलिस की मुलाकात हाईकोर्ट में होगी, सभी साक्ष्यों के साथ," उन्होंने कहा।