36 घंटे बाद हत्या का मुकदमा दर्ज, तीसरे दिन हुआ पोस्टमार्टम; शुभम के परिवार को न्याय की उम्मीद
बलुआ थाना क्षेत्र के सराय स्थित रामघाट के पास युवक का शव मिलने के मामले में करीब 36 घंटे बाद आखिरकार हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मृतक शुभम खरवार के परिजनों द्वारा लगातार हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग किए जाने के बाद पुलिस ने तीन नामजद समेत अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
चंदौली

3:12 PM, May 26, 2026
सुधींद्र पांडेय
जनपद न्यूज़ टाइम्सचहनियाँ। बलुआ थाना क्षेत्र के सराय स्थित रामघाट के पास युवक का शव मिलने के मामले में करीब 36 घंटे बाद आखिरकार हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मृतक शुभम खरवार के परिजनों द्वारा लगातार हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग किए जाने के बाद पुलिस ने तीन नामजद समेत अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार बलुआ थाना क्षेत्र के समगढ़ निवासी शुभम खरवार 23 मई की शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 24 मई की दोपहर लगभग एक बजे बलुआ के रामघाट पर गंगा नदी में उसका शव उतराया मिला। शव मिलने की सूचना फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।
परिजनों का आरोप है कि शुभम को सुनियोजित तरीके से बुलाकर उसकी हत्या की गई और शव को गंगा नदी में फेंक दिया गया। घटनास्थल के पास मृतक की बाइक और कपड़े मिलने से मामला और अधिक संदिग्ध हो गया। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना रहा। परिजन लगातार बलुआ थाने और उच्चाधिकारियों के कार्यालय का चक्कर लगाते रहे।
Advertisement
काफी विरोध, दबाव और प्रारंभिक जांच के बाद बलुआ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2)(a) और 238 के तहत मुकदमा दर्ज किया। एफआईआर में सपना खरवार, उसकी मां, पवन सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।
मामले का सबसे गंभीर पहलू यह रहा कि शव मिलने के बाद भी लंबे समय तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जिसके चलते पोस्टमार्टम तीसरे दिन 26 मई को कराया जा सका। परिजनों का कहना है कि देरी के कारण शव खराब होने की आशंका बढ़ गई, जिससे कई महत्वपूर्ण साक्ष्य प्रभावित हो सकते हैं। इसे लेकर ग्रामीणों और परिजनों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी गई।
हालांकि देर से ही सही, हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद अब शुभम के परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। क्षेत्रीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं बलुआ पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
