मुगलसराय पुलिस ने दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, 8 चोरी के मोबाइल व चेन बरामद
पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी 2026 की रात दरियापुर (पंडितपुरवा) निवासी महेंद्र चौधरी के घर से करीब 30 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां और चांदी की पायल चोरी हो गई थी। इस संबंध में थाना मुगलसराय में मुकदमा दर्ज किया गया था।
चंदौली

6:13 PM, Jul 26, 2026
मुगलसराय (चन्दौली)। मुगलसराय पुलिस ने चोरी की घटनाओं के सफल अनावरण करते हुए दो अंतरजनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 8 एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा करीब 10 ग्राम वजन की सफेद धातु की एक चेन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी जनवरी 2026 में दरियापुर गांव में हुई चोरी की घटना में वांछित चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी 2026 की रात दरियापुर (पंडितपुरवा) निवासी महेंद्र चौधरी के घर से करीब 30 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां और चांदी की पायल चोरी हो गई थी। इस संबंध में थाना मुगलसराय में मुकदमा दर्ज किया गया था।
रविवार को थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम पटनवा तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त मामले का वांछित आरोपी अपने साथी के साथ हमीदपुर कोनिया नट बस्ती स्थित जलेबी मोड़ के पास मौजूद है और चोरी की नई घटना की योजना बना रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी
वारिस खान पुत्र शहनवाज खान उर्फ गुड्डू, निवासी गोपालपुर, थाना मुगलसराय।
अन्सार खान पुत्र अख्तर मिट्ठू खान, निवासी गोपालपुर, थाना मुगलसराय।
Advertisement
तलाशी के दौरान वारिस खान के पास से 4 एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा अन्सार खान के कब्जे से 4 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक सफेद धातु की चेन बरामद हुई।
पूछताछ में वारिस खान ने स्वीकार किया कि वह 18 जनवरी की दरियापुर चोरी की घटना में अपने साथी विशाल गुप्ता के साथ शामिल था। उसने बताया कि चोरी के जेवर विशाल गुप्ता के पास थे, जिसे अगले दिन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जबकि वह मौके से फरार हो गया था।
वहीं दोनों आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि बरामद सभी मोबाइल फोन टेंगरा मोड़ बाईपास के आसपास खड़े ट्रकों में सो रहे चालकों की जेब से अलग-अलग समय पर चोरी किए गए थे। बरामद चेन रामनगर चौक स्थित देशी शराब की दुकान के सामने नशे की हालत में लेटे व्यक्ति के गले से चोरी की गई थी। दोनों ने बताया कि वे नशे और ऐशो-आराम के लिए पैसे जुटाने हेतु ऐसी वारदातों को अंजाम देते थे।
