मुगलसराय पुलिस ने 70 लीटर देशी शराब के साथ पांच महिलाओं को किया गिरफ्तार
मुगलसराय पुलिस ने रविवार को अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 350 पाउच ब्लू लाइम देशी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 70 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।
चंदौली

5:58 PM, Aug 16, 2026
चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने रविवार को अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 350 पाउच ब्लू लाइम देशी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 70 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त को चकिया तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुलिस कॉलोनी के पास पेड़ के नीचे पांच महिलाएं सफेद झोले लेकर बैठी हैं और उनके पास देशी शराब है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांचों महिलाओं को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान अलग-अलग सफेद झोलों से कुल 350 पाउच ब्लू लाइम देशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में महिलाओं ने पुलिस को बताया कि शराब का ठेका बंद होने के बाद वे घूम-घूमकर शराब ऊंचे दामों पर बेचती थीं और इससे होने वाली कमाई से अपना जीवनयापन करती थीं।
Advertisement
पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं की पहचान डोमनी देवी (50), राजमुनी कुँवर (50), विन्धयाचली कुँवर (50), हिरंगा देवी (38) और सुमन देवी (50) के रूप में की है। सभी आरोपी बिहार के रोहतास और भोजपुर जिले की रहने वाली बताई गई हैं।
पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक मामले में एक पूर्व आपराधिक प्रकरण भी दर्ज है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी रेलवे उपनिरीक्षक शिवपूजन बिन्द, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल अमित यादव और महिला कांस्टेबल प्रियंका प्रजापति शामिल रहीं।
