“ब्रिटिश हुकूमत की तरह सरकार चला रहे हैं मोदी और योगी” – धर्मेन्द्र तिवारी
धर्मेन्द्र तिवारी ने कहा कि किसी भी गलत का विरोध करना और हक-अधिकार की आवाज उठाना आज सरकार के खिलाफ माना जा रहा है। पूरा सरकारी तंत्र भ्रष्ट और बेशर्म हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी, महंगाई, बेरोजगारी और बेगारी चरम पर हैं। पढ़ाई, शिक्षा और दवाई जैसी मूलभूत जरूरतों से जनता को वंचित कर देश को ‘भिखमंगा भारत’ बनाने की साजिश की जा रही है।
वाराणसी

4:51 PM, Sep 11, 2025
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि कांग्रेसजनों को हाउस अरेस्ट करना इस बात का प्रमाण है कि योगी-मोदी सरकार डरी हुई और पूरी तरह अलोकतांत्रिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह सरकार तानाशाही और निरंकुश रवैये से देश चला रही है।
धर्मेन्द्र तिवारी ने कहा कि किसी भी गलत का विरोध करना और हक-अधिकार की आवाज उठाना आज सरकार के खिलाफ माना जा रहा है। पूरा सरकारी तंत्र भ्रष्ट और बेशर्म हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी, महंगाई, बेरोजगारी और बेगारी चरम पर हैं। पढ़ाई, शिक्षा और दवाई जैसी मूलभूत जरूरतों से जनता को वंचित कर देश को ‘भिखमंगा भारत’ बनाने की साजिश की जा रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार सौ प्रतिशत निजीकरण की ओर बढ़ते हुए देश को चंद पूंजीपतियों के हाथों गिरवी रखना चाहती है, जो धीरे-धीरे देश को गुलामी की ओर धकेल देगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की गिरफ्तारी भाजपा की तानाशाही का परिचायक है। वोट चोरी पकड़े जाने से भाजपा और मोदी जी घबराए हुए हैं और कांग्रेस नेताओं की आवाज दबाना चाहते हैं। लेकिन 2027 में उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया तय है।
धर्मेन्द्र तिवारी ने रायबरेली की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा की कठपुतली दिनेश प्रताप सिंह और उनके सहयोगियों ने जननायक राहुल गांधी के आगमन पर सड़क पर नौटंकी कर अपनी हताशा जाहिर की थी। रायबरेली की जनता ने चुनाव में उन्हें ऐतिहासिक हार देकर संदेश दे दिया कि अवसरवाद और धोखे की राजनीति वहां नहीं चलेगी।
Advertisement
उन्होंने आगे कहा कि जब राहुल गांधी के सिपाही 11 सितंबर को वाराणसी में “स्वघोषित विश्वगुरु” और “छह इंच छाती वाले” को उसकी हैसियत दिखाने निकले तो योगी-मोदी सरकार ने डरकर पुलिस का सहारा लिया। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता किसी से डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस की आवाज दबाना लोकतंत्र को खत्म करने के बराबर है।
उन्होंने कहा कि हम कांग्रेसजन इस देश की नींव की पहली ईंट हैं। सम्मान के लिए लड़ना जानते हैं और मानवता की रक्षा के लिए जीतकर भी हारना जानते हैं। संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस किसी भी स्तर पर संघर्ष करेगी।
अंत में धर्मेन्द्र तिवारी ने कहा कि हाउस अरेस्ट के दौरान कांग्रेसजनों ने जिस धैर्य और साहस का परिचय दिया, उसे वह दिल से सलाम करते हैं। यही ताकत भाजपा की तानाशाही को ज्यादा दिनों तक टिकने नहीं देगी।
