विधायक खेल स्पर्धा: धानापुर अमर वीर इंटर कॉलेज में 19 व 20 नवंबर को खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका, चंदौली में होगा 19 से 26 नवंबर तक विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन
चंदौली। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को जनपद, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाने के उद्देश्य से युवा कल्याण विभाग की ओर से विधानसभा स्तरीय मा० विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में धानापुर क्षेत्र के खिलाड़ियों को भी अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
चंदौली

10:17 AM, Nov 18, 2026
चंदौली। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को जनपद, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाने के उद्देश्य से युवा कल्याण विभाग की ओर से विधानसभा स्तरीय मा० विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में धानापुर क्षेत्र के खिलाड़ियों को भी अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
विधानसभा सकलडीहा के अंतर्गत 21, 22 एवं 23 नवंबर 2026 को चहनियां स्थित मां खंडवारी देवी डिग्री/इंटर कॉलेज के खेल मैदान में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसमें एथलेटिक्स, वालीबाल, कबड्डी, कुश्ती, भारोत्तोलन, बैडमिंटन, फुटबाल एवं जूडो सहित आठ खेल विधाओं में खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर आयु वर्ग के बालक-बालिका और महिला-पुरुष खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। इसका उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है।
वहीं विधानसभा सैयदराजा में 19 नवंबर को अमरवीर इंटर कॉलेज में एथलेटिक्स, 20 नवंबर को फुटबाल, जूडो, कुश्ती एवं भारोत्तोलन तथा 26 नवंबर को नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा में कबड्डी, वालीबाल एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
Advertisement
पंजीकरण के लिए आधार कार्ड अनिवार्य
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपने आधार कार्ड की छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रत्येक खिलाड़ी सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग में से किसी एक ही वर्ग में प्रतिभाग कर सकेगा। प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
विधानसभा सकलडीहा के खिलाड़ियों के पंजीकरण एवं अन्य जानकारी के लिए प्रतियोगिता प्रभारी अनिश सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, विकासखंड चहनियां के मोबाइल नंबर 8299036346 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं विधानसभा सैयदराजा के खिलाड़ियों के लिए प्रभारी रजनीश कुमार पांडेय के मोबाइल नंबर 8869995104 पर संपर्क कर पंजीकरण कराया जा सकता है।
