चहनियां पीएचसी निरीक्षण में डॉक्टरों के न मिलने पर बिफरे विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव
चहनियां। चहनियां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का गुरुवार को विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों के अनुपस्थित मिलने पर विधायक ने गहरी नाराजगी जताई और मामले की शिकायत फोन पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), चंदौली से करते हुए कड़ी चेतावनी दी।
चहनिया, चंदौली

चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव
7:19 PM, Jan 22, 2026
सुधींद्र पांडेय
जनपद न्यूज़ टाइम्सचहनियां। चहनियां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का गुरुवार को विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों के अनुपस्थित मिलने पर विधायक ने गहरी नाराजगी जताई और मामले की शिकायत फोन पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), चंदौली से करते हुए कड़ी चेतावनी दी।
विधायक ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर साफ-सफाई, मरीजों की स्थिति, ओपीडी रजिस्टर, फाइलें, ऑपरेशन थिएटर (ओटी) सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान ड्यूटी में तैनात दो डॉक्टर मौके पर नहीं मिले, जिसकी अनुपस्थिति विधायक ने स्वयं उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज की।
विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने कहा कि जब वे अस्पताल पहुंचे तो मरीजों की संख्या अधिक थी, लेकिन डॉक्टर नदारद थे। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रितेश कुमार समेत कई डॉक्टर मौके पर उपस्थित नहीं मिले। उन्होंने कहा कि जिन डॉक्टरों की ड्यूटी यहां लगी रहती है, उन्हें पीएम हाउस में बुला लिया जाता है, जबकि स्थानीय अस्पताल में मरीज इलाज के लिए भटकते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि यहां प्रतिदिन लगभग 150 से 200 ओपीडी होती है, इसके बावजूद डॉक्टरों की अनुपस्थिति जनता के साथ सीधा धोखा है। विधायक ने स्पष्ट कहा कि उन्होंने विधानसभा में पहले ही अस्पताल की दुर्दशा और बेड संख्या बढ़ाने का मुद्दा उठाया है, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें, लेकिन अधिकारी स्तर पर भारी लापरवाही देखने को मिल रही है।
Advertisement
विधायक ने जानकारी दी कि वर्ष 2008-09 में 30 बेड के अस्पताल का निर्माण प्रस्तावित था, जो जांच में फंसने के कारण रुक गया। इस संबंध में विधानसभा में प्रश्न उठाने के बाद अब पुनः अस्पताल निर्माण का निर्णय हो चुका है और सरकार द्वारा निर्माण के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण से पहले विभागीय अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाना होगा।
विधायक ने चेतावनी दी कि यदि इसी प्रकार लापरवाही जारी रही, तो इसकी शिकायत अब लखनऊ स्तर के उच्च अधिकारियों से की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि उनके निरीक्षण से जनता को लाभ मिलेगा, तो वे ऐसे औचक निरीक्षण लगातार करते रहेंगे।
निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सुभाष यादव, धर्मेंद्र यादव, संतोष यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
