सरकारी स्कूलों की शिक्षा गुणवत्ता सुधारने को चलेगा मिशन मोड अभियान, लापरवाह शिक्षकों पर होगी कार्रवाई
चंदौली। जिले के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को विकास भवन सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, बच्चों की उपस्थिति औ
चंदौली

6:09 PM, Nov 3, 2026
कायाकल्प के अधूरे कार्य जल्द पूरे करने और कस्तूरबा विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा पुख्ता करने के निर्देश
चंदौली। जिले के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को विकास भवन सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, बच्चों की उपस्थिति और ऑपरेशन कायाकल्प की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीडीओ ने विद्यालयों में निर्माण कार्यों से संबंधित टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी कराने और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। वहीं, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के छात्रावासों में छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त सुरक्षा गार्ड, प्रभावी निगरानी और अन्य आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Advertisement
सीडीओ ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा का स्तर सुधारने के साथ बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता बनाए रखने और ऑपरेशन कायाकल्प के तहत शेष बचे बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति और ड्रेस की धनराशि के हस्तांतरण में तेजी लाने के साथ विभागीय अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और औचक जांच करने को कहा।
बैठक में शिक्षकों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। सीडीओ ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कराने और शिक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाले तथा बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, अन्यथा लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने समिति के समक्ष विभागीय योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और सीडीओ द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन कराने का भरोसा दिलाया। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी, अपर पंचायत राज अधिकारी तथा जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति के नामित सदस्य मौजूद रहे।
