प्रभारी मंत्री ने आपदा पीड़ित परिवारों को सौंपे राहत चेक, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के राज्य मंत्री एवं जनपद चंदौली के प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड ने शनिवार को तहसील नौगढ़ और चकिया क्षेत्र का दौरा कर हाल ही में आए आंधी-तूफान में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाते हुए राज्य आपदा मोचक निधि से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।
चंदौली

5:31 PM, May 16, 2026
चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के राज्य मंत्री एवं जनपद चंदौली के प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड ने शनिवार को तहसील नौगढ़ और चकिया क्षेत्र का दौरा कर हाल ही में आए आंधी-तूफान में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाते हुए राज्य आपदा मोचक निधि से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मृतक परिवारों का सर्वे कराकर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
बताया गया कि 13 मई को आए तेज आंधी-तूफान के दौरान शिकारगंज गांव निवासी गुलाब की दीवार गिरने से दबकर मौत हो गई थी। वहीं करवदिया गांव की प्रभावती देवी के ऊपर पेड़ गिरने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके अलावा बोदलपुर गांव निवासी रामकेश यादव कच्ची दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी इलाज के दौरान जिला संयुक्त चिकित्सालय में मृत्यु हो गई।
Advertisement
प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड के साथ विधायक कैलाश आचार्य, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग तथा भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने प्रभावित गांवों में पहुंचकर राहत राशि के चेक वितरित किए।
आंधी-तूफान के दौरान करवदिया गांव निवासी प्रभावती देवी और शिकारगंज निवासी गुलाब के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। जिला प्रशासन की ओर से दोनों परिवारों को अलग से 1.20 लाख रुपये का गृह अनुदान भी प्रदान किया गया।
इससे पूर्व ग्राम मझगावां में भी प्रभारी मंत्री ने तूफान से हुई क्षति का निरीक्षण किया तथा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान अजय कुमार, शांति देवी, रामपूजन, गुंजा, मुराली, अजियारी तथा गीता समेत कई प्रभावित परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया।
