जनगणना के द्वितीय चरण को लेकर फील्ड ट्रेनरों की बैठक, डीएम ने दिए सावधानी से कार्य करने के निर्देश
मीरजापुर। जनगणना द्वितीय चरण के कार्य को लेकर सोमवार को जीडी बिन्नानी कॉलेज में फील्ड ट्रेनरों की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले की सभी तहसीलों तथा नगर पालिका और नगर पंचायतों से चयनित कार्मिकों ने प्रतिभाग किया। बैठक में उप जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी जनगणना, तहसीलदार और अधिशासी अधिकारी भी मौजूद रहे।

4:12 PM, Sep 8, 2026
हनीफ खान
जनपद न्यूज़ टाइम्स
मीरजापुर। जनगणना द्वितीय चरण के कार्य को लेकर सोमवार को जीडी बिन्नानी कॉलेज में फील्ड ट्रेनरों की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले की सभी तहसीलों तथा नगर पालिका और नगर पंचायतों से चयनित कार्मिकों ने प्रतिभाग किया। बैठक में उप जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी जनगणना, तहसीलदार और अधिशासी अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसे पूरी सावधानी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कर्मचारियों को किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
Advertisement
जिलाधिकारी ने उपस्थित कार्मिकों से प्रथम चरण के मानदेय के संबंध में जानकारी ली। कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें प्रथम चरण का मानदेय प्राप्त हो चुका है। इस पर अधिकारियों ने बताया कि द्वितीय चरण का मानदेय भी समय से उपलब्ध करा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान एकत्र की जाने वाली सूचनाओं का उपयोग शासन की नीतियों के निर्माण एवं बेहतर योजना तैयार करने के लिए किया जाता है। इन सूचनाओं से किसी व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से लाभ या हानि नहीं होती। उन्होंने स्व-गणना (Self Enumeration) को अधिक से अधिक बढ़ावा देने पर जोर दिया, ताकि नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकें और जनगणना प्रक्रिया में लगने वाला समय कम हो।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने कर्मचारियों से पूरे मनोयोग के साथ जनगणना कार्य संपादित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या सामने आती है तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके।