संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, दाह संस्कार से पहले पहुंची पुलिस
इलिया। थाना क्षेत्र के कवलपुरवा गांव में शनिवार सुबह 32 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस दाह संस्कार से पहले मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर बहन की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
shahabganj, chandauli

7:31 PM, Aug 29, 2026
Vinod kumar
जनपद न्यूज़ टाइम्सइलिया। थाना क्षेत्र के कवलपुरवा गांव में शनिवार सुबह 32 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस दाह संस्कार से पहले मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर बहन की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कवलपुरवा गांव निवासी धर्मेंद्र द्विवेदी की पत्नी मधु द्विवेदी (32) शनिवार सुबह अपने कमरे में मृत अवस्था में मिली। परिजनों के अनुसार सुबह घर के लोग कमरे में पहुंचे तो मधु को मृत पाया। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि धर्मेंद्र द्विवेदी शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी बहन के घर सोनभद्र गए थे। शनिवार सुबह पत्नी की मौत की जानकारी मिलने पर वह घर लौटे। इसके बाद परिजन शव के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए।
Advertisement
इसी दौरान मधु के मायके पक्ष के भाई प्रशांत पाठक को बहन की मौत की जानकारी हुई। उन्होंने मामले की सूचना इलिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मधु मूल रूप से बस्ती जिले की रहने वाली थी। उसके दो बच्चे हैं। मां की मौत के बाद आठ वर्षीय आयान और पांच वर्षीय इंयांश का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मृतका के भाई प्रशांत पाठक की ओर से तहरीर दी गई है, जिसमें ससुराल पक्ष पर बहन की हत्या का आरोप लगाया गया है। उन्होंने बताया कि विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
