संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, धानापुर के सरया में है मायका, मायका पक्ष ने लगाया हत्या और दहेज उत्पीड़न का आरोप
जानकारी के अनुसार, धानापुर थाना क्षेत्र के सरया गांव निवासी रमाशंकर यादव की पुत्री ज्योति यादव का विवाह 12 मई 2019 को बलुआ थाना क्षेत्र के खोनपुर गांव निवासी रामकृत यादव के पुत्र रंजीत यादव के साथ हुआ था। परिजनों के मुताबिक, विवाह में उनकी क्षमता के अनुसार डेढ़ लाख रुपये नकद, आभूषण और अन्य सामान दिया गया था।
चहनिया, चंदौली

विवाहिता ज्योति यादव की फाइल फोटो
10:26 PM, Jun 16, 2026
सुधींद्र पाण्डेय
जनपद न्यूज़ टाइम्सचहनियां, चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के खोनपुर गांव में 24 वर्षीय विवाहिता ज्योति यादव की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, धानापुर थाना क्षेत्र के सरया गांव निवासी रमाशंकर यादव की पुत्री ज्योति यादव का विवाह 12 मई 2019 को बलुआ थाना क्षेत्र के खोनपुर गांव निवासी रामकृत यादव के पुत्र रंजीत यादव के साथ हुआ था। परिजनों के मुताबिक, विवाह में उनकी क्षमता के अनुसार डेढ़ लाख रुपये नकद, आभूषण और अन्य सामान दिया गया था।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त एक लाख रुपये दहेज की मांग करने लगा। मांग पूरी न होने पर ज्योति को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई। इस मामले में पूर्व में कई बार पंचायतें भी हुईं और समझौते के प्रयास किए गए थे।
सोमवार को परिजनों को ज्योति की मौत की सूचना मिली। आरोप है कि ससुराल पक्ष बिना सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर मायके पक्ष और ग्रामीण बलुआ थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।
Advertisement
मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतका अपने पीछे पांच वर्षीय पुत्री ज्योति और ढाई वर्षीय पुत्री प्रियांशी को छोड़ गई है।
मृतका के चाचा उमाशंकर यादव ने बताया कि वह सोमवार शाम तहरीर लेकर बलुआ थाने पहुंचे थे, लेकिन थाना प्रभारी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन देते हुए उन्हें वापस भेज दिया।
इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
