ब्याज के विवाद में हुई थी मनोज कुमार की हत्या, डेढ़ लाख की सुपारी देकर कराया गया मर्डर; 24 घंटे में खुलासा
पुलिस के अनुसार 6 जून 2026 को थाना अलीनगर क्षेत्र के टड़िया-पटपरा मार्ग पर मनोज कुमार (38 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में कई टीमों का गठन किया गया और तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के आधार पर जांच शुरू की गई।
चंदौली

3:48 PM, Jun 8, 2026
चंदौली। जनपद चंदौली में हुए चर्चित मनोज कुमार हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश किसी पेशेवर अपराधी ने नहीं बल्कि एक लोको पायलट ने रची थी। आर्थिक लेन-देन, ब्याज के विवाद और पुरानी रंजिश के चलते डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर बिहार के शूटरों से मनोज कुमार की हत्या कराई गई थी।
पुलिस के अनुसार 6 जून 2026 को थाना अलीनगर क्षेत्र के टड़िया-पटपरा मार्ग पर मनोज कुमार (38 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में कई टीमों का गठन किया गया और तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के आधार पर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मृतक के पास मिली डायरी और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड ने मामले को नई दिशा दी। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मृतक के साथ दिखाई दिया, जिसकी पहचान रेलवे के लोको पायलट कृष्ण भगवान सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।
3 लाख का कर्ज बढ़कर हो गया था 7 लाख
पूछताछ में कृष्ण भगवान सिंह ने बताया कि उसने वर्ष 2020 में मनोज कुमार से करीब 3 लाख रुपये ब्याज पर उधार लिए थे। समय के साथ ब्याज सहित यह रकम लगभग 7 लाख रुपये हो गई। मृतक लगातार रुपये की मांग करता था, जिससे वह परेशान था। इसी बीच उसने मनोज कुमार को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
बिहार के शूटरों को दी गई सुपारी
आरोपी ने अपने गांव के परिचित भरत सिंह से संपर्क कर मनोज कुमार की हत्या की सुपारी दी। डेढ़ लाख रुपये में सौदा तय हुआ। भरत सिंह अपने साथी सूरज कुमार उर्फ राजेश के साथ चंदौली पहुंचा। दोनों को ठहराने और हत्या की योजना को अंतिम रूप देने की व्यवस्था कृष्ण भगवान सिंह ने की।
6 जून को आरोपी ने एक मिठाई की दुकान से फोन कर मनोज कुमार को रुपये देने के बहाने बुलाया। इसके बाद उसे साइकिल से सुनसान इलाके में ले जाया गया, जहां पहले से पीछा कर रहे शूटरों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार पहली गोली सिर में और दूसरी गोली सीने में मारी गई थी।
