बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे दो करोड़ की शराब, बलुआ में दो तस्कर गिरफ्तार
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र में गंगा नदी के बलुआ पुल के पास पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान करीब दो करोड़ रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। ट्रक में लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 1200 पेटी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, शराब हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी। कार्रवाई में अशोक लेलैंड ट्रक भी बरामद किया गया है।
चंदौली

12:31 PM, Oct 22, 2026
हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी 1200 पेटी अंग्रेजी शराब, ट्रक समेत दो आरोपी पकड़े गए
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र में गंगा नदी के बलुआ पुल के पास पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान करीब दो करोड़ रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। ट्रक में लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 1200 पेटी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, शराब हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी। कार्रवाई में अशोक लेलैंड ट्रक भी बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक बलुआ संतोष कुमार सिंह, स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव और सर्विलांस सेल की टीम मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बलुआ पुल के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रहे संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक, ट्रक से उतरकर भागने का प्रयास कर रहे दो लोगों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमाचल प्रदेश निवासी लताश (34) और पंजाब के मोहाली जिले के लालड़ू थाना क्षेत्र निवासी विरेंद्र (35) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान ट्रक में प्लास्टिक की बोरियों में भरा लकड़ी का बुरादा मिला। इसी के नीचे ओल्ड हैबिट ब्रांड की अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी।
पुलिस ने कुल 1200 पेटी में 11,408.76 लीटर शराब बरामद करने का दावा किया है। इसमें 750 मिलीलीटर की 195 पेटी, 375 मिलीलीटर की 296 पेटी और 180 मिलीलीटर की 809 पेटी शामिल हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है।
Advertisement
एक लाख रुपये के लालच में ट्रक ले जाने की बात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक लाख रुपये के लालच में चंडीगढ़ के पास एक अज्ञात व्यक्ति से शराब लदा ट्रक लेकर बिहार जा रहे थे। वहां शराब ऊंचे दाम पर बेचने की योजना थी। पुलिस से बचने के लिए ट्रक में लकड़ी के बुरादे की बोरियां ऊपर रखी गई थीं।
इस मामले में बलुआ थाने में मुकदमा अपराध संख्या 304/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने ट्रक के साथ एक ओप्पो कंपनी का एंड्रायड मोबाइल फोन, 3700 रुपये नकद, पर्स, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य सामान भी बरामद किया है।
कार्रवाई में बलुआ थाना पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम के सदस्य शामिल रहे। पुलिस मामले में शराब की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
