पुट्टी की बोरियों के नीचे छिपी थी 1.20 करोड़ की शराब, चंदौली में अंतरराज्यीय गिरोह के पांच तस्कर गिरफ्तार
चंदौली। अलीनगर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सिंघीताली पुल के पास एक ट्रक से 775 पेटी यानी 6935 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई गई है। शराब को ट्रक में लदी जेके सुपर पुट्टी की 70 बोरियों के नीचे छिपाकर दिल्ली से बिहार ले जाया जा रहा था।
chandauli

4:20 PM, Sep 20, 2026
पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने का किया प्रयास, आगे चल रही ब्रेजा कार दे रही थी पुलिस की लोकेशन
चंदौली। अलीनगर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सिंघीताली पुल के पास एक ट्रक से 775 पेटी यानी 6935 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई गई है। शराब को ट्रक में लदी जेके सुपर पुट्टी की 70 बोरियों के नीचे छिपाकर दिल्ली से बिहार ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को सिंघीताली पुल (NH-19) के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान UP22AT0085 नंबर के ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने पुलिस टीम को कुचलने की नीयत से ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने खुद को सुरक्षित करते हुए ट्रक की घेराबंदी कर उसे रोक लिया। ट्रक से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी में पुट्टी की बोरियों के नीचे Imperial Blue, Royal Stag और McDowell ब्रांड की 775 पेटी शराब मिली। पुलिस के मुताबिक शराब की बोतलों पर ‘For Sale in UT Chandigarh Only’ लिखा था और बारकोड खुरचे हुए थे।
आगे चल रही थी ब्रेजा कार
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके ट्रक से करीब 500 मीटर आगे एक काले रंग की ब्रेजा कार (DL7CZ5159) चल रही थी। कार में सवार लोग रास्ते में पुलिस की लोकेशन ट्रक सवारों को दे रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार को घेरकर उसमें सवार दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। कार की तलाशी में पांच एटीएम कार्ड और 2500 रुपये बरामद हुए।
Advertisement
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दिल्ली और चंडीगढ़ से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर उसे प्रतिबंधित राज्य बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए कार को आगे चलाया जाता था। पुलिस के मुताबिक पकड़े जाने की स्थिति में ट्रक चालक को पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाकर भागने का निर्देश दिया गया था।
ये पांच आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में गुलाम मुस्तफा (24) निवासी छपरा, बिहार, शेख खालिद (29) निवासी केंद्रपाड़ा, ओडिशा, साबिर आलम (20) निवासी गया, बिहार, रजाउद्दीन (37) निवासी देवघर, झारखंड और ओम चिनमय पंडा (25) निवासी नयागढ़, ओडिशा शामिल हैं।
पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 587/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 61(2) और आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।
बरामदगी में 775 पेटी शराब, 70 बोरी जेके सुपर पुट्टी, ट्रक, ब्रेजा कार, पांच एटीएम कार्ड और 2500 रुपये नकद शामिल हैं। कार्रवाई अलीनगर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से की।
