कर्मनाशा पुल का संपर्क मार्ग धंसा, हादसों को दे रहा दावत
शहाबगंज। लेवा इलिया मार्ग को जोड़ने के लिए कर्मनाशा नदी पर बने पुल को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग धंसने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। सड़क पर करीब छह इंच तक धंसाव होने से ठोकर जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसके चलते आए दिन बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। मार्ग की बदहाल स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका जताई है।

5:17 PM, Nov 12, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सकर्मनाशा पुल का संपर्क मार्ग धंसा, हादसों को दे रहा दावत
ठोकर बनने से आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे बाइक सवार, ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग
शहाबगंज। लेवा इलिया मार्ग को जोड़ने के लिए कर्मनाशा नदी पर बने पुल को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग धंसने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। सड़क पर करीब छह इंच तक धंसाव होने से ठोकर जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसके चलते आए दिन बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। मार्ग की बदहाल स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका जताई है।
बताया जाता है कि कर्मनाशा पुल से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। संपर्क मार्ग पर सड़क धंसने से पुल पर चढ़ते और उतरते समय वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थान बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा है। अचानक बनी ठोकर के कारण बाइक सवार संतुलन खोकर गिर जा रहे हैं।
Advertisement
ग्रामीणों का कहना है कि प्रत्येक वर्ष नदी में बाढ़ आने के बाद पानी घटने पर पुल के संपर्क मार्ग पर धंसाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से हर साल लोगों को इसी परेशानी से जूझना पड़ता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण रात के समय दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए संपर्क मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता पंकज कुमार ने बताया कि नदी का पानी घटने के बाद पुल के ज्वाइंट्स पर इस तरह की समस्या उत्पन्न होती है। इसे जल्द ही दुरुस्त करा दिया जाएगा।
