कारावास में जिंदगी : महामारी के बंद दरवाजों के भीतर बदलते जीवन और संबंधों का संवेदनशील आख्यान
पुस्तक का शीर्षक अपने आप में अत्यंत अर्थगर्भी और प्रतीकात्मक है। कारावास सामान्यतः किसी व्यक्ति की स्वतंत्रता के प्रतिबंध का बोध कराता है, किंतु कोरोना महामारी के उस भयावह कालखंड में तो मानो संपूर्ण मानवता ही एक अदृश्य कारागार में बंद हो गई थी। घरों की चारदीवारी सुरक्षा का पर्याय भी थी और विवशता का प्रतीक भी।

रामजी प्रसाद "भैरव"
5:46 PM, Nov 13, 2026
— डॉ. अजय कुमार चौबे
दीपावली की अवकाश श्रृंखला में आज मित्र रामजी प्रसाद भैरव द्वारा लिखी गई कारवास में जिंदगी उपन्यास पढ़ा, बहुत दिनों बाद कोई उपन्यास पूरा पढ़ पाया। हालांकि ये उपन्यास उन्होंने दशहरे में एक मुलाकात में दिया था तब मेरे बेटे ने भी केवल दो पेज पढ़कर यह कहा था कि भविष्य का यह एक सुंदर दस्तावेज साबित होगा तब मुझे और भी उत्सुकता हुई इसे पढ़ने की। पढ़ने के बाद जो मै महसूस किया वह आपके समक्ष प्रस्तुत कर रहा हूं।साहित्य की सार्थकता केवल घटनाओं के वर्णन में नहीं, बल्कि उन घटनाओं के भीतर छिपी मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक विडंबनाओं और जीवन के अनकहे यथार्थ को उद्घाटित करने में निहित होती है। जब कोई रचनाकार अपने समय की किसी बड़ी त्रासदी को सामान्य जनजीवन के छोटे-छोटे प्रसंगों, परिचित चेहरों और आत्मीय पात्रों के माध्यम से अभिव्यक्त करता है, तब उसकी रचना महज कथा न रहकर समय का जीवंत दस्तावेज बन जाती है। रामजी प्रसाद भैरव की कृति 'कारावास में जिंदगी' को पढ़ते हुए मुझे इसी रचनात्मक संवेदनशीलता का अनुभव हुआ।
पुस्तक का शीर्षक अपने आप में अत्यंत अर्थगर्भी और प्रतीकात्मक है। कारावास सामान्यतः किसी व्यक्ति की स्वतंत्रता के प्रतिबंध का बोध कराता है, किंतु कोरोना महामारी के उस भयावह कालखंड में तो मानो संपूर्ण मानवता ही एक अदृश्य कारागार में बंद हो गई थी। घरों की चारदीवारी सुरक्षा का पर्याय भी थी और विवशता का प्रतीक भी। सड़कों पर सन्नाटा था, बाजारों में वीरानी थी, सामाजिक मेल-मिलाप प्रतिबंधित था और मनुष्य अपने ही परिचित संसार में अपरिचित-सा हो गया था। जीवन चल तो रहा था, लेकिन उसकी स्वाभाविक गति, सहजता और उल्लास कहीं कैद हो गए थे। लेखक ने इसी विडंबना को अपने शीर्षक के माध्यम से बड़ी अर्थपूर्ण अभिव्यक्ति दी है।
कोरोना केवल एक महामारी नहीं थी; वह मनुष्य के सामाजिक, आर्थिक, पारिवारिक और मनोवैज्ञानिक जीवन की व्यापक परीक्षा भी थी। इस कालखंड में हमारी भाषा तक बदल गई। क्वारंटीन, आइसोलेशन, लॉकडाउन, सोशल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजेशन जैसे शब्द सामान्य जनजीवन का हिस्सा बन गए। राजनीतिक सरोकारों के स्वरूप बदले, सामाजिक दूरियां बढ़ीं और रिश्तों की आत्मीयता पर भी परिस्थितियों का प्रभाव पड़ा। विडंबना यह रही कि मनुष्य मनुष्य से दूर होता गया, जबकि मोबाइल और आभासी दुनिया से उसकी निकटता बढ़ती चली गई। पास बैठे लोगों के बीच संवाद घटा और दूर बैठे लोगों से संपर्क का विस्तार हुआ। इस परिवर्तन के भीतर छिपे सामाजिक विरोधाभासों को साहित्यिक दृष्टि से देखना और उन्हें कथा के स्वाभाविक प्रवाह में पिरोना लेखक की सूक्ष्म अवलोकन क्षमता का परिचायक है।
इस कृति की एक विशेष उपलब्धि इसके केंद्रीय पात्र 'निर्मूल्य गुरु' का सृजन है। एक अध्यापक के पूजनीय पिताश्री के व्यक्तित्व और जीवनानुभवों को लेखक ने इस आभासी नाम के माध्यम से जिस सजीवता से प्रस्तुत किया है, वह विशेष रूप से उल्लेखनीय है। किसी वास्तविक व्यक्ति के जीवन, विचारों, व्यवहार और अनुभवों को एक साहित्यिक पात्र के रूप में रूपांतरित करना केवल घटनाओं का पुनर्लेखन नहीं होता, बल्कि उसके व्यक्तित्व की आंतरिक परतों को समझने और उन्हें रचनात्मक अभिव्यक्ति देने की प्रक्रिया होती है। 'निर्मूल्य गुरु' इसी रचनात्मक रूपांतरण का एक विशिष्ट उदाहरण प्रतीत होते हैं।
निर्मूल्य गुरु केवल एक व्यक्ति का नाम नहीं, बल्कि एक ऐसे जीवनानुभव का प्रतीक बनकर उभरते हैं, जिसमें समय की करवटें, सामाजिक परिवर्तन, स्मृतियां, मानवीय संबंध और जीवन की विडंबनाएं एक साथ उपस्थित हैं। उनके माध्यम से लेखक ने व्यक्ति से समाज और समाज से समय तक की यात्रा करने का प्रयास किया है। यही किसी चरित्र की साहित्यिक सार्थकता है कि वह अपने व्यक्तिगत अस्तित्व की सीमाओं से निकलकर व्यापक मानवीय अनुभवों का प्रतिनिधित्व करने लगे।
कृति का एक अन्य आकर्षक पक्ष इसका आंचलिक परिवेश है। चहनियां बाजार और उसके आसपास के ग्रामीण जीवन के अनेक जीवंत पात्रों को लेकर लेखक ने कथा को अपनी मिट्टी की गंध से जोड़ा है। इन पात्रों में बनावटीपन नहीं, बल्कि अपने परिवेश की सहजता, जीवन की जद्दोजहद और सामाजिक व्यवहार की स्वाभाविकता दिखाई देती है। चहनियां के परिचित परिवेश और लोकजीवन के प्रसंग पाठक को अपने आसपास के लोगों, अपने गांव-कस्बे और अपने बीते हुए समय की स्मृतियों तक पहुंचा देते हैं।
मेरे विचार से इस कृति की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि इसमें कोरोना जैसी वैश्विक त्रासदी को केवल महामारी के आंकड़ों, सरकारी प्रतिबंधों अथवा घटनाओं के माध्यम से नहीं देखा गया, बल्कि उस त्रासदी के बीच जीते हुए सामान्य मनुष्य के जीवन को केंद्र में रखा गया है। इतिहास बड़ी घटनाओं को दर्ज करता है, किंतु साहित्य उन घटनाओं के बीच जीने वाले सामान्य लोगों की पीड़ा, विवशता, हास्य, संघर्ष और संवेदना को सुरक्षित रखता है।
Advertisement
रामजी प्रसाद भैरव की साहित्यिक यात्रा भी निरंतर साधना और सृजनशीलता की यात्रा रही है। पिछले कई वर्षों से वे साहित्य के विविध क्षेत्रों में सक्रिय हैं। उनके प्रथम उपन्यास 'रक्तबीज के वंशज' को उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान, लखनऊ से प्रेमचंद पुरस्कार तथा हिंदुस्तानी एकेडमी, प्रयागराज द्वारा 'एकेडमी पुरस्कार 2025' से सम्मानित किया जाना उनकी रचनात्मक यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। 'शबरी', 'शिखण्डी की आत्मकथा', 'सुनो आनंद', 'पुरन्दर' और 'आखिर गंगा क्यों रो रही है' जैसी कृतियां उनके विषयगत वैविध्य का परिचय देती हैं। कविता, व्यंग्य और संपादन के क्षेत्र में भी उनकी सक्रियता उल्लेखनीय है।
मुझे विशेष प्रसन्नता है कि निरंतर साहित्य-साधना के बल पर रामजी प्रसाद भैरव ने चंदौली जनपद के साहित्यिक परिदृश्य में अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित की है। चहनियां की माटी से जुड़ा एक रचनाकार जब अपने स्थानीय परिवेश के पात्रों और प्रसंगों को व्यापक सामाजिक विमर्श का हिस्सा बनाता है, तो वह केवल अपना साहित्यिक संसार समृद्ध नहीं करता, बल्कि अपने क्षेत्र की सांस्कृतिक स्मृतियों को भी संरक्षित करता है।
'कारावास में जिंदगी' को मैं इसी अर्थ में एक महत्वपूर्ण रचनात्मक प्रयास मानता हूं। यह उस समय की कहानी है, जब मनुष्य को अपने घर में रहते हुए भी स्वतंत्रता का अर्थ नए सिरे से समझना पड़ा। यह उन संबंधों का आख्यान है, जिन्होंने दूरियों के बीच अपनी निकटता खोजी; उन लोगों का दस्तावेज है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी जीवन की गाड़ी को आगे बढ़ाया और उन अनुभवों की अभिव्यक्ति है, जिन्हें समय बीत जाने के बाद भी भुलाया नहीं जा सकता।
अंततः, किसी रचना का मूल्यांकन केवल इस आधार पर नहीं होना चाहिए कि उसने अपने समय की कितनी घटनाओं को समेटा, बल्कि इस आधार पर होना चाहिए कि उसने उन घटनाओं के माध्यम से मनुष्य और मनुष्यता को कितना समझा। रामजी प्रसाद भैरव की यह कृति इसी मानवीय दृष्टि से पाठकीय संवेदना को स्पर्श करती है।
मित्र रामजी प्रसाद भैरव को इस सार्थक सृजन के लिए हृदय से बधाई। मेरी शुभकामना है कि उनकी लेखनी इसी प्रकार समय की धड़कनों को सुनती रहे, समाज के अनदेखे चेहरों को शब्द देती रहे और चंदौली की साहित्यिक पहचान को राष्ट्रीय साहित्यिक परिदृश्य में और अधिक प्रतिष्ठित करती रहे।
क्योंकि समय गुजर जाता है, परिस्थितियां बदल जाती हैं, किंतु साहित्य उन चेहरों, उन स्मृतियों और उन संवेदनाओं को जीवित रखता है, जिन्हें इतिहास प्रायः अपने पन्नों में जगह नहीं दे पाता।
