विद्युत व्यवस्था की समीक्षा को लेकर विधान परिषद समिति की बैठक सम्पन्न, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बैठक में समिति के सभापति एवं सदस्यों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से ट्रांसफार्मरों की मरम्मत, जनपद में औसत विद्युत आपूर्ति, उपभोक्ता लोड के अनुरूप ट्रांसफार्मरों की स्थिति एवं उनके रखरखाव को लेकर विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही 1912 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण तथा मीटर रीडिंग व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।
वाराणसी

7:31 PM, Mar 17, 2026
चन्दौली/वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति की बैठक वाराणसी स्थित सर्किट हाउस सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति माननीय अंगद कुमार सिंह ने की।
बैठक में समिति के सभापति एवं सदस्यों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से ट्रांसफार्मरों की मरम्मत, जनपद में औसत विद्युत आपूर्ति, उपभोक्ता लोड के अनुरूप ट्रांसफार्मरों की स्थिति एवं उनके रखरखाव को लेकर विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही 1912 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण तथा मीटर रीडिंग व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।
सभापति ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। 1912 पर दर्ज शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समयावधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त प्रस्तावों पर भी प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ट्रांसफार्मरों की मरम्मत कार्य को तय समयसीमा में पूर्ण करने तथा अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने की हिदायत दी। इसके अतिरिक्त विजिलेंस टीम को लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में अधिक छापेमारी करने के निर्देश दिए गए, साथ ही यह भी कहा गया कि कार्रवाई पारदर्शी हो और उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
Advertisement
समिति ने प्राथमिक विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्युतीकरण, बिजली बिलों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण तथा की गई कार्रवाई की जानकारी भी अधिकारियों से प्राप्त की। बेसिक शिक्षा विभाग के उन विद्यालयों में प्राथमिकता के आधार पर विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जहां अभी तक कनेक्शन नहीं है। साथ ही जिन विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजर रहे हैं, उन्हें हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
