सीआईएसएफ जवान राजेश को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
धीना थाना क्षेत्र के पांडेयपुर मेढ़ा गांव निवासी सीआईएसएफ जवान राजेश कुमार गुप्ता (45) की ड्यूटी के दौरान हृदयाघात से मौत हो गई। वह असम के डिब्रूगढ़ में तैनात थे। शुक्रवार को जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
कमालपुर, चंदौली

6:42 AM, Aug 22, 2026
विधायक सुशील सिंह, ब्लाक प्रमुख अजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि अंतिम यात्रा में हुए शामिल
राजकीय सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार
कमालपुर। धीना थाना क्षेत्र के पांडेयपुर मेढ़ा गांव निवासी सीआईएसएफ जवान राजेश कुमार गुप्ता (45) की ड्यूटी के दौरान हृदयाघात से मौत हो गई। वह असम के डिब्रूगढ़ में तैनात थे। शुक्रवार को जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
Advertisement
राजेश कुमार गुप्ता गांव निवासी कमला प्रसाद के चार पुत्रों में तीसरे नंबर पर थे। उनके पीछे पत्नी रीना गुप्ता, पुत्र शुभम (16) और पुत्री लक्ष्मी गुप्ता (14) हैं। 19 अगस्त को ड्यूटी के दौरान हृदयाघात से उनकी मौत हो गई थी। शुक्रवार को पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही पत्नी और दोनों बच्चे दहाड़ मारकर रोने लगे। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया।
जवान के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, क्षेत्रीय विधायक, जनप्रतिनिधि और आसपास के गांवों के लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंच गए। इसके बाद जवान की अंतिम यात्रा निकाली गई। गांव स्थित दमनपुरा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके भाई रामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने दी।
जवान के अंतिम संस्कार में प्रहलादपुर ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह "मिंटू" पूर्व विधायक के पुत्र प्रशांत सिंह, राम जनम यादव, अनिल यादव अवही, राजेश यादव, सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
