पशु चिकित्सालय की बदहाली पर किसान विकास मंच का धरना, स्थायी डॉक्टर की नियुक्ति की मांग
इलिया (चंदौली)। खेती-बाड़ी के व्यस्त सीजन में पशुओं के इलाज की बदहाल व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने पशु चिकित्सालय इलिया परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने अस्पताल में चिकित्सक, कंपाउंडर और दवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।
शहाबगंज, चंदौली

5:50 PM, Nov 13, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सपशु चिकित्सालय की बदहाली पर किसान विकास मंच का धरना, स्थायी डॉक्टर की नियुक्ति की मांग
खेती-बाड़ी के व्यस्त सीजन में पशुओं के इलाज के लिए भटक रहे किसान, दवा और कंपाउंडर की व्यवस्था कराने की उठी मांग
इलिया (चंदौली)। खेती-बाड़ी के व्यस्त सीजन में पशुओं के इलाज की बदहाल व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने पशु चिकित्सालय इलिया परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने अस्पताल में चिकित्सक, कंपाउंडर और दवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।
धरना स्थल पर ज्ञापन लेने पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ. सुजीत कुमार तथा विलंब से पहुंचे चकिया के नायब तहसीलदार निर्मल चंद्र भारती को किसानों ने अस्पताल की समस्याओं से अवगत कराया। किसान विकास मंच के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने कहा कि पशु चिकित्सालय की बदहाली सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाती है। वहीं संगठन के प्रवक्ता जय नाथ सिंह ने अस्पताल में चिकित्सक और कंपाउंडर की स्थायी नियुक्ति की मांग जोरदार ढंग से उठाई।
Advertisement
संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार एक तरफ किसानों की आमदनी दोगुनी करने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ पशुधन की देखरेख के लिए बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। राजेश दुबे और मुकेश पांडेय ने चेतावनी दी कि जब तक अस्पताल में डॉक्टर, कंपाउंडर और दवाओं की समुचित व्यवस्था नहीं होती, तब तक किसान चुप नहीं बैठेंगे। इस दौरान किसानों ने 'चाहे जो मजबूरी हो, हमारी मांगें पूरी हों' के नारे लगाए।
पशु चिकित्सक डॉ. सुजीत कुमार ने आश्वासन दिया कि अस्पताल में सोमवार और शनिवार को चिकित्सक की ड्यूटी होने की जानकारी वाल राइटिंग के माध्यम से अंकित कराई जाएगी। वहीं नायब तहसीलदार निर्मल चंद्र भारती ने कहा कि इस बुनियादी समस्या के समाधान के लिए शासन स्तर पर तत्काल वार्ता की जाएगी।
धरना-प्रदर्शन में सूर्यनारायण चौबे, दुखंतू मौर्य, इंद्रदेव यादव, अशोक कुमार द्विवेदी, ओमप्रकाश मौर्य, सुरेश मौर्य, विजय शंकर सिंह बाबिल, राजीव शंकर, दीपक पांडेय, एकलाख अहमद, चंद्रशेखर सिंह, अनिल सिंह, बंसलोचन सिंह, भोला सिंह, अमन सिंह, राजेश द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक कुमार द्विवेदी तथा संचालन राम अवध सिंह ने किया। इस दौरान पुलिस बल और मीडिया कर्मी भी मौजूद रहे।
