धानापुर की खेल प्रतियोगिता में खड़ान और निदिलपुर संकुल का दबदबा, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
धानापुर (चंदौली)। अमरवीर इंटर कॉलेज के खेल मैदान में सोमवार को आयोजित ब्लॉक स्तरीय परिषदीय विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिता में नन्हे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम से सभी का ध्यान आकर्षित किया। विभिन्न संकुलों से पहुंचे छात्र-छात्राओं के बीच हुए मुकाबलों में खड़ान और निदिलपुर संकुल के खिलाड़ियों का विशेष दबदबा देखने को मिला। वहीं हिंगुतरगढ़ संकुल के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन कर अपनी उपस्थि
धानापुर, चंदौली

5:27 PM, Nov 23, 2026
अमरवीर इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित हुई ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता, दौड़, कबड्डी और लंबी कूद में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
धानापुर (चंदौली)। अमरवीर इंटर कॉलेज के खेल मैदान में सोमवार को आयोजित ब्लॉक स्तरीय परिषदीय विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिता में नन्हे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम से सभी का ध्यान आकर्षित किया। विभिन्न संकुलों से पहुंचे छात्र-छात्राओं के बीच हुए मुकाबलों में खड़ान और निदिलपुर संकुल के खिलाड़ियों का विशेष दबदबा देखने को मिला। वहीं हिंगुतरगढ़ संकुल के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक के पुत्र हर्षवर्धन सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी सिंह ने क्लैपर बजाकर दौड़ प्रतियोगिता की शुरुआत कराई। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी सिंह ने की, जबकि संचालन ईश्वर चंद्र त्रिपाठी ने किया।
दौड़, कबड्डी और लंबी कूद में दिखा रोमांच
Advertisement
प्रतियोगिता में 50, 100, 200 और 400 मीटर दौड़, कबड्डी, लंबी कूद और ऊंची कूद सहित विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। दौड़ में बच्चों ने अपनी तेज रफ्तार का प्रदर्शन किया तो कबड्डी के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन रणनीति और फुर्ती दिखाई। लंबी और ऊंची कूद में भी प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मैदान में मौजूद दर्शकों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
खेलों से बच्चों का होता है सर्वांगीण विकास : अश्वनी सिंह
खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी सिंह ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताएं बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में शिक्षकों और अनुदेशकों के योगदान की सराहना की।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रदीप सिंह, इम्तियाज खान, दिलीप भारती, जेपी सिंह, शमशेर सिंह, विजय बहादुर सिंह, दुर्गेश पाठक, अवधेश सिंह, अशोक पाल, रेखा यादव, पूजा सिंह, बिनु यादव और नत्थू यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं अनुदेशक मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल संचालन में मंगलदेव शर्मा सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
