मरम्मत के बाद भी नहीं चल रहा केरायगांव रेगुलेटर, धान की नर्सरी प्रभावित
किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने जिला किसान दिवस के दौरान बंधी डिवीजन के अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र के खराब रेगुलेटरों की मरम्मत कराने की मांग उठाई थी। इसके बाद केरायगांव रेगुलेटर की मरम्मत कराई गई, लेकिन तकनीकी खामी दूर नहीं हो सकी और रेगुलेटर अब भी सुचारु रूप से संचालित नहीं हो रहा है।
शहाबगंज, चंदौली

5:12 PM, Jun 28, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज। केरायगांव स्थित सिंचाई रेगुलेटर की मरम्मत कराए जाने के बाद भी वह न तो खुल पा रहा है और न ही बंद हो रहा है, जिससे क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ गई है। धान की नर्सरी डालने के समय रेगुलेटर के खराब होने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने जिला किसान दिवस के दौरान बंधी डिवीजन के अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र के खराब रेगुलेटरों की मरम्मत कराने की मांग उठाई थी। इसके बाद केरायगांव रेगुलेटर की मरम्मत कराई गई, लेकिन तकनीकी खामी दूर नहीं हो सकी और रेगुलेटर अब भी सुचारु रूप से संचालित नहीं हो रहा है।
Advertisement
युवा किसान नेता भीष्म नारायण यादव ने कहा कि यदि रेगुलेटर की तत्काल प्रभाव से दोबारा मरम्मत नहीं कराई गई तो सैकड़ों किसानों की हजारों बीघा कृषि भूमि की सिंचाई प्रभावित होगी। इसका सीधा असर धान की खेती और किसानों की आजीविका पर पड़ेगा। उन्होंने विभाग से शीघ्र समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
इस संबंध में अवर अभियंता अजेश्वर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर संबंधित ठेकेदार को रेगुलेटर का पुनः मरम्मत कार्य तत्काल कराने का निर्देश दे दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही तकनीकी खामी दूर कर रेगुलेटर को सुचारु रूप से संचालित कराया जाएगा, ताकि किसानों को सिंचाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
