कस्तूरबा की छात्राओं ने बताई समस्या, डीएम ने खेल मैदान व ओपन जिम का दिया निर्देश
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने गुरुवार को शहाबगंज ब्लॉक क्षेत्र के बयापुर गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का भी जायजा लिया और छात्राओं से बातचीत कर विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
शहाबगंज, चंदौली

12:55 PM, Aug 14, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने गुरुवार को शहाबगंज ब्लॉक क्षेत्र के बयापुर गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का भी जायजा लिया और छात्राओं से बातचीत कर विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा आठ की छात्राओं से पढ़ाई, भोजन, आवास और विद्यालय में मिलने वाली अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। बातचीत में छात्राओं ने विद्यालय में खेल मैदान नहीं होने की समस्या बताई। इस पर जिलाधिकारी ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय के बगल में स्थित भूमि को खेल मैदान और ओपन जिम के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों की सुविधाएं भी जरूरी हैं। जिलाधिकारी ने विद्यालय की बाउंड्रीवॉल का निरीक्षण करने के साथ परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
Advertisement
इसके अलावा जिलाधिकारी ने परिसर के समीप अतिक्रमण से मुक्त कराई गई करीब 22 बीघा भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भूमि का उपयोग बालिकाओं के लिए ओपन जिम और खेलकूद की सुविधाएं विकसित करने में करने के निर्देश दिए। वहीं, खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह को भूमि की घेराबंदी कराने और इसे जनहित में उपयोग करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी विकास मित्तल, बीडीओ दिनेश सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
