मुगलसराय में पुलिस-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 19.35 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 4 जुलाई की रात थाना मुगलसराय पुलिस और आरपीएफ की टीम रेलवे डाउन रिसीविंग यार्ड से जीटीआर पुल की ओर संयुक्त गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जीटीआर पुल के नीचे रेलवे किलोमीटर संख्या 673/86 के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया गया।

11:33 AM, Jul 5, 2026
बिहार ले जाई जा रही थी शराब, करीब 54 हजार रुपये की खेप बरामद; दोनों आरोपी पटना के निवासी
चंदौली। मुगलसराय पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 19.35 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, दो मोबाइल फोन और 800 रुपये नकद बरामद हुए हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 54 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 4 जुलाई की रात थाना मुगलसराय पुलिस और आरपीएफ की टीम रेलवे डाउन रिसीविंग यार्ड से जीटीआर पुल की ओर संयुक्त गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जीटीआर पुल के नीचे रेलवे किलोमीटर संख्या 673/86 के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुमार साव निवासी छोटी खगौल, थाना दानापुर, पटना (बिहार) तथा पंकज कुमार मिश्रा निवासी कर्मपुरा, थाना गोपालपुर, पटना (बिहार) के रूप में हुई।
Advertisement
तलाशी के दौरान रवि कुमार साव के पास से 13.95 लीटर तथा पंकज कुमार मिश्रा के पास से 5.40 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कुल 70 टेट्रा पैक 8 पीएम, 20 बोतल आफ्टर डार्क ब्लू और 7 बोतल रॉयल स्टैग शराब जब्त की गई। साथ ही दोनों के पास से दो मोबाइल फोन और 800 रुपये नकद भी बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर ट्रेन के माध्यम से बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। बिहार में शराबबंदी का लाभ उठाकर वे इस अवैध कारोबार से अच्छा मुनाफा कमाते थे। इस बार भी दोनों शराब लेकर बिहार जाने की तैयारी में थे, तभी संयुक्त टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में थाना मुगलसराय में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पंकज कुमार मिश्रा के विरुद्ध बिहार में भी आबकारी अधिनियम के तहत एक मुकदमा पहले से दर्ज है।
